रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता; चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन, जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर तैयारियां
पंचायतीराज चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी आमसभा, 3 अक्टूबर को बीकानेर आएंगे डोटासरा-जूली
Rudra News Express Bikaner.
पंचायतीराज चुनाव 2026 से पहले बीकानेर में कांग्रेस अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने जा रही है। किसान केसरी स्व. रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि पर 3 अक्टूबर, शनिवार को जिला कांग्रेस की ओर से विशाल आमसभा आयोजित की जाएगी। इसमें राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल होंगे। चुनाव से पहले होने वाले इस आयोजन को कांग्रेस की संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आमसभा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं देहात की संयुक्त बैठक सूरज टॉकीज रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय में हुई। बैठक में प्रदेश के दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीकानेर आगमन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ अग्रिम संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों को भी आयोजन से जोड़ने की रणनीति बनाई गई।

पंचायत चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता पर जोर :
बैठक में पंचायतीराज चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की भूमिका और कार्यकर्ताओं की सहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और सौंपी गई जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने का आग्रह किया गया। ऐसे में 3 अक्टूबर की आमसभा में कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन की तैयारियां राजनीतिक दृष्टि से अहम रहेंगी।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि स्व. रामेश्वर डूडी ने किसान हितों और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जिला परिषद और पंचायत समितियों में कांग्रेस के बोर्डों के गठन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम उनके विचारों और योगदान को याद करने का अवसर है। सियाग ने कहा कि डोटासरा और जूली के बीकानेर आगमन को लेकर जिला कांग्रेस आवश्यक तैयारियां कर रही है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

शहर कांग्रेस ने भी सौंपी जिम्मेदारियां :
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का बीकानेर दौरा महत्वपूर्ण है। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने में भूमिका निभाएंगे।

डोटासरा के जन्मदिन पर काटा केक :
बैठक के अंत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। जिला महासचिव (संगठन) प्रहलाद सिंह मार्शल के अनुसार बैठक में नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, पूर्व महापौर मकसूद अहमद, पार्षद नवरतन डागा, पार्षद मनोज बिश्नोई, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सींवर, पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान चौधरी, उमा सुथार, जफर शाह, श्रीकृष्ण गोदारा, शांति बेनीवाल, रामनिवास गोदारा, हरीराम बाना, ओमप्रकाश जाखड़, डॉ. प्रीति मेघवाल, चेतराम थालोड़, हरिराम सियाग, सांवरलाल भादू, शलीना खान, साजिद सुलेमानी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

