Movie prime

Drug Smuggling in Rajasthani "Mathania Mirch" : हरी मिर्चों को चीर MD-स्मैक भरी, जोधपुर से हैदराबाद की बस में चढ़ा दी

NCB Alert : लोग सतर्क रहे ड्रग तस्करी की सूचना 1933 पर दें

 

RNE Jodhpur-Rajasthan.

राजस्थान से ड्रग तस्करी का एक हैरान करने वाला हथकंडा सामने आया है। नारकोटिक्स ब्यूरो (NCB) के अधिकारियों ने तस्करी के 'मोडस ऑपरेंडी' का सनसनीखेज खुलासा किया है। खुलासा यह है कि राजस्थान की प्रसिद्ध मथानिया मिर्च को चीरकर तस्कर इसमें MD और स्मैक जैसे ड्रग्स भर रहे हैं और देश के कई हिस्सों में इसे सप्लाई कर रहे हैं।

वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए फोटो पर क्लिक करें

दरअसल जोधपुर से हैदराबाद जा रही निजी बस में NCB ने जब एक संदिग्ध पार्सल की जांच की गई, तो ऊपर सामान्य मिर्च मिली, लेकिन नीचे रखी मिर्चों के भीतर सिल्वर फॉइल में लिपटी ड्रग्स की पुड़ियां बरामद हुईं। बताया जा रहा है कि एक-एक मिर्च में 2 से 5 पुड़ियां छिपाई जाती हैं। इससे एक मिर्च की कीमत बाजार में 4 से 5 हजार रुपये तक पहुंच जाती है।
 

पिछले कुछ दिनों में जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड और बीजीएस कॉलोनी से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स पकड़ी गई है। पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के लिए यह नया 'मोडस ऑपरेंडी' बड़ी चुनौती बन गया है। अधिकारियों का कहना है कि बसों के जरिए बढ़ती इस तस्करी को रोकने के लिए निगरानी सख्त की जा रही है।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, जोधपुर के निदेशक घनश्याम सोनी ने बताया कि "तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए मिर्च की बोरियों में ड्रग्स की पुड़िया डालकर उन्हें हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में भेज रहे हैं। NCB ने इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए आम जनता और डिलीवरी संस्थानों से सतर्क रहने की अपील की है।

विभाग ने 'मानस' हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया है, जिस पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी जा सकती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ इस जंग में जनता की भागीदारी और सूचना तंत्र सबसे महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध पार्सल या कूरियर की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

FROM AROUND THE WEB