Movie prime

हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा में बीमार पुलिसवालों की ड्यूटी :  02 को भर्ती करवाया, तीसरे को लौटाया, सीएम भजनलाल, गृहमंत्री अमित शाह को पत्र

 

Rudra News Express Nagaur. 

नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्थान पुलिस के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेनीवाल का कहना है कि उनकी सुरक्षा ड्यूटी में लगातार ऐसे पुलिसकर्मियों को लगाया जा रहा है, जो गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं और जिन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है। उन्होंने इसे उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई बताया है।

बेनीवाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, 02 को भर्ती करवाया, तीसरे को भेजा : 

पत्र में बेनीवाल ने लिखा है कि हाल के दिनों में उनकी सुरक्षा में लगाए गए पुलिसकर्मियों की स्थिति चिंताजनक रही। एक कांस्टेबल न्यूरोलॉजी संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित मिला, जिसे जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दूसरे कांस्टेबल की तबीयत बिगड़ने पर नागौर अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे जोधपुर रेफर करना पड़ा। तीसरे पुलिसकर्मी को भी स्वास्थ्य की दृष्टि से अस्वस्थ बताया गया। ऐसे में पुलिसकर्मी के स्वास्थ्य को देखते हुए रिजर्व पुलिस लाइन वापस भेज दिया, क्योंकि वे किसी बीमार जवान के स्वास्थ्य को जोखिम में नहीं डालना चाहते।

मेरी छवि खराब करने की कोशिश : 

बेनीवाल ने पत्र में आरोप लगाया कि यदि किसी पुलिसकर्मी की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ती या कोई अप्रिय घटना होती तो उसकी जिम्मेदारी उन पर डालकर उनकी सार्वजनिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि यह केवल सुरक्षा का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा प्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।

थ्रेट था तो किससे था, अब सुरक्षा क्यों हटाई?

बेनीवाल ने यह सवाल भी उठाया कि यदि उन्हें पहले सुरक्षा खतरे के आधार पर दी गई थी तो आज तक यह नहीं बताया गया कि खतरा किससे था। उन्होंने कहा कि अब सुरक्षा हटाई गई है तो यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि खतरा समाप्त हो गया है या सुरक्षा वापस लेने का कारण क्या है।

जांच और कार्रवाई की मांग : 

सांसद ने अपने पत्र में मांग की है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए तथा भविष्य में पूरी तरह स्वस्थ और सक्षम पुलिसकर्मियों की ही सुरक्षा ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

FROM AROUND THE WEB