Movie prime

ED Raid Rajasthan : जोधपुर, नागौर, किशनगढ़ में ED छापेमारी, पंजाब में पड़ताल, विदेशों से जुड़े तार

Cyber Crime से जुड़ाव, भारी मात्रा में सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त

 

RNE Jaipur-New Delhi. 

साइबर अपराध के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को राजस्थान और पंजाब में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने राजस्थान के जोधपुर, नागौर और किशनगढ़ सहित कुल सात ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में मोबाइल सिम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार विदेशों तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई जोधपुर के बासनी साइबर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि संगठित गिरोह बड़ी संख्या में मोबाइल सिम कार्ड खरीदकर उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचा रहा था। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉलिंग और अन्य साइबर अपराधों में किया जा रहा था। ईडी अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल की भी पड़ताल कर रही है।

add33

ईडी की टीमों ने जोधपुर में तीन, नागौर में दो तथा किशनगढ़ और पंजाब के लुधियाना में एक-एक ठिकाने पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। एजेंसी को संदेह है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोहों से जुड़ा हो सकता है और विदेशों में बैठे अपराधियों तक सिम कार्ड और अन्य संसाधन पहुंचाए जा रहे थे।

केंद्रीय एजेंसियों की इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। ईडी अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

add

FROM AROUND THE WEB