शिक्षा मंत्री Madan Dilawar ने बताया शिक्षा विभाग में किन-किन के होंगे तबादले!
RNE Jaipur.
राजस्थान में तबादलों पर लगी रोक हटने के बाद अब शिक्षा विभाग में भी तबादलों की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्पष्ट किया है कि विभाग के विभिन्न पदों पर तबादले किए जाएंगे, हालांकि सभी श्रेणियां इसके दायरे में नहीं होंगी।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि द्वितीय श्रेणी (सेकंड ग्रेड) शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, पुस्तकालयाध्यक्ष, व्याख्याता (लेक्चरर) और प्राचार्य (प्रिंसिपल) के तबादले किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य पात्र कर्मचारियों के स्थानांतरण पर भी विचार किया जाएगा।
हालांकि उन्होंने साफ किया कि तृतीय श्रेणी (थर्ड ग्रेड) शिक्षकों के तबादले नहीं होंगे। राज्य सरकार पहले ही थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादलों से इनकार कर चुकी है और इस निर्णय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मदन दिलावर ने यह भी बताया कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का हाल ही में काउंसिलिंग या अन्य प्रक्रिया के माध्यम से स्थानांतरण किया गया है, उन्हें इस तबादला प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह महत्वपूर्ण खबर मानी जा रही है। अब विभागीय स्तर पर दिशा-निर्देश जारी होने के बाद तबादला प्रक्रिया को गति मिलने की संभावना है।

