Movie prime

Encroachment Removed : राजस्थान में कांग्रेसी नेता के भतीजे के बेशकीमती फार्म हाउस पर चला बुलडोजर, पूरी तरह किया ध्वस्त

कोटा. वन विभाग ने सोमवार को कांग्रेस नेता अमीन पठान के भतीजे फिरोज पठान के बेशकीमती वन भूमि पर बने फार्म हाउस और मकान पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया
 

कोटा. वन विभाग ने सोमवार को कांग्रेस नेता अमीन पठान के भतीजे फिरोज पठान के बेशकीमती वन भूमि पर बने फार्म हाउस और मकान पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। विभाग की टीम ने अलसुबह भारी पुलिस जाप्ते के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग ने अतिक्रमी को स्वतः अतिक्रमण हटाने के लिए पहले नोटिस भी दिए थे। इसके बावजूद नहीं हटाने पर विभाग ने सोमवार को दल बल के साथ कार्रवाई कर 1000 वर्ग गज जमीन को मुक्त करवाया।

वन विभाग की टीम अलसुबह पुलिस जाप्ते के साथ लखावा में कर्णेश्वर महादेव मंदिर के समीप पहुंची और फिरोज पठान के फार्म हाउस और मकान को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद बुलडोजर चलाकर तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। विभाग के अनुसार, अतिक्रमी को महीनेभर से लगातार नोटिस दिए जा रहे थे। अतिक्रमण खुद नहीं हटाया तो अब सख्ती दिखाई। यह वन भूमि वनखंड लखावा ए के दायरे में आती है। गौरतलब है कि अमीन पठान ने भी वन भूमि पर आलीशान फार्म हाउस बना रखा था। करीब दो वर्ष पहले विभाग ने कार्रवाई कर इसे भी ध्वस्त कर दिया था।

चार रेंज के वनकर्मी रहे शामिल

लाडपुरा रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी इन्द्रेश यादव के अनुसार, इस कार्रवाई में लाडपुरा सहित कनवास, मंडाना, मोड़क समेत चार रेंज के शामिल रहे। यह अभियान संयुक्त रूप से चलाया गया, ताकि किसी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था न हो। कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक पुलिसकर्मी व अधिकारी मौके पर रहे। कार्रवाई करीब दो घंटे चली। 

यहां भी चार हैक्टेयर जमीन से हटाया अतिक्रमण

वनखंड आंवली रोजड़ी में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। नाका नयागांव चेक पोस्ट अधीन इस क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों ने लगभग चार हेक्टेयर वन भूमि पर पक्के मकान, पक्की बाउंड्रीवाल, कच्चे बाड़े और प्लॉट बनाकर अवैध कब्जा किया हुआ था। यहां भी पुलिस विभाग के सहयोग से अतिक्रमण हटाए। चार बुलडोजर से सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

कोटा के उपवन संरक्षक अपूर्व कृष्ण श्रीवास्तव ने बताया कि दो अलग-अलग क्षेत्रों में वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त किया है। जहां भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फार्म हाउस वाले मामले में वन भूमि की खरीद - फरोख्त की बात भी सामने आई थी।
 

FROM AROUND THE WEB