Fake Medical Digree Racket : राजस्थान के रामकिशोर महावर SOG के हत्थे चढ़ा, कई राज्यों तक नेटवर्क, 04 गिरफ्तार!
Rudra News Express Jaipur.
SOG, राजस्थान ने फर्जी मेडिकल डिग्री बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा करौली निवासी रामकिशोर महावर को लेकर हुआ है। महावर ने केवल 11वीं तक पढ़ाई की थी, लेकिन फर्जी 12वीं, MBBS और MD (गायनेकोलॉजी) की डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बनने का दावा किया। राजस्थान SOG के अनुसार, वह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के पद पर भी काम कर चुका था। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उसके रिकॉर्ड में रामकिशोर महावर के नौकरी करने का कोई प्रमाण नहीं है।
यूं फर्जी डिग्रियां लेकर रामकिशोर बन गया डॉक्टर :
रामकिशोर महावर ने शुरुआत में उत्तर प्रदेश के रामा मेडिकल कॉलेज के नाम से जारी MBBS डिग्री की PDF हासिल की और उसमें अपना नाम जोड़कर फर्जी दस्तावेज तैयार किया। इस आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाया और दौसा में करीब 15 दिन तक डॉक्टर के रूप में काम भी किया।
अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक उसने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट/वार्ड बॉय के रूप में काम किया। इसी दौरान फर्जी डिग्री वाले गिरोह के संपर्क में आया।
पुलिस के मुताबिक, उसने करीब 5.5 लाख रुपए देकर फर्जी 12वीं, MBBS और MD (गायनेकोलॉजी) की डिग्रियां हासिल कीं। इन दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने का भी दावा किया गया।
SOG ने कहा सफदरजंग में नौकरी, हॉस्पिटल ने नकारा :
SOG के अनुसार, रामकिशोर महावर जून 2025 में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में संविदा पर जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करने लगा था। पुलिस का कहना है कि उसने फर्जी मेडिकल डिग्री और मेडिकल काउंसिल रजिस्ट्रेशन के आधार पर यह नौकरी हासिल की।
इससे इतर अस्पताल प्रशासन ने इस दावे का खंडन किया। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल ने कहा कि उसके आधिकारिक रिकॉर्ड में रामकिशोर महावर के कभी भी अस्पताल में काम करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है।
सोनोग्राफी भी करने लगा :
एक चौंकाने वाली बात यह भी है कि रामकिशोर ने मेडिकल रेडियो डायग्नोसिस (DMRD) की फर्जी डिग्री हासिल की। इसके आधार पर उसने दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी सेवाएं देना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसने महाराष्ट्र के मिरज स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के नाम से एक अन्य DMRD डिप्लोमा भी हासिल किया और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाया।
अब तक गिरोह के ये चार आरोपी आए पकड़ में :
1. रामकिशोर महावर (करौली, राजस्थान): फर्जी डिग्रियों का इस्तेमाल कर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन और डॉक्टर के रूप में काम करने का आरोपी।
2. सत्यजीत पाणिग्रही (पश्चिम बंगाल): सोशल मीडिया पर फर्जी डिग्रियों का विज्ञापन देने, ग्राहकों से संपर्क करने और सौदे तय करने का आरोपी। उसे मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
3. मनीष मांझी (ग्वालियर, मध्यप्रदेश): फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, डिग्री, मार्कशीट और डिप्लोमा तैयार करने का आरोपी।
4. खुर्रम तौफीक (आजमगढ़, उत्तर प्रदेश): फर्जी डिग्रियों को विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करने और उन्हें ऑनलाइन सत्यापन के दौरान असली दिखाने में भूमिका निभाने का आरोपी।
कौनस गिरोह, कैसे चल रहा :
पुलिस जांच के मुताबिक गिरोह फेसबुक पर 'Medical Education, New Delhi' नाम से समूह के जरिए लोगों तक पहुंचता था। व्हाट्सऐप पर भी ग्राहकों से संपर्क कर फर्जी और बैकडेटेड डिग्रियां उपलब्ध करवाने के सौदे किए जाते थे।
गिरोह में कोई ग्राहक तलाशता था, कोई डिग्रियां तैयार करता था और कोई उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करने का काम करता था। SOG के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे। ये भी हो सकता है कि वे व्यक्तिगत रूप से कभी मिले ही नहीं हों।
300 से अधिक लोगों तक पहुंची फर्जी डिग्रियां :
पता चला है गिरोह के जरिए करीब 300 लोगों तक फर्जी डिग्रियां पहुंच चुकी है। ऐसे में पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जिन्होंने इन दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाया या अस्पतालों में नौकरी हासिल की।
राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने पकड़ा फर्जीवाड़ा :
राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार की ओर से 6 अक्टूबर 2024 को जयपुर के अशोक नगर थाने में एक शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल रजिस्ट्रेशन करवाने का मामला उठाया गया था। इसके बाद जांच SOG को सौंपी गई। अब जांच एजेंसी गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी डिग्री खरीदने वालों और चिकित्सा क्षेत्र में इन दस्तावेजों का इस्तेमाल करने वालों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

