Fire in Jaipur : रेजीडेंसियल एरिया में चल रही पाइप फैक्ट्री में भीषण आग

RNE Jaipur.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भीषण आग का मामला सामने आया है। आग एक पाइप फैक्ट्री में लगी है। हैरानी की बात यह है कि फैक्ट्री आवासीय कॉलोनी में चल रही थी। गनीमत यह रही कि समय पर सूचना मिलने और फायर ब्रिगेड पहुँच जाने से लगभग दो घंटे की मशक्कत में आग पर काबू पा लिया। जान का नुकसान नहीं हुआ। आग में घिरी फैक्ट्री से घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद हुए हैं।
घटना जयपुर के वीकेआई रोड नम्बर 17 स्थित करणी विहार कॉलोनी में बनी प्लास्टिक फैक्ट्री की है। यहां आग लगने की जानकारी मिलने पर लोगों ने दमकल और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग को कंट्रोल किया। इस दौरान फैक्ट्री से 7 घरेलू सिलेंडर भी बाहर निकाले गए।
एएफओ भंवरसिंह हाड़ा ने बताया कि जिस फैक्ट्री में आग लगी वह कपिल अग्रवाल चलाते हैं। जहां पर काले रंग के प्लास्टिक के पाइप बनते हैं। यह कंपनी शुभ महालक्ष्मी पोली पाइप के नाम से हैं। आग की सूचना मिलने के बाद फैक्ट्री मालिक भी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे में आग को कंट्रोल किया गया। इस दौरान किसी को कोई चोट नहीं लगी हैं। फैक्ट्री में करीब 7 घरेलू सिंलेडर भरे हुए मिले। जिन्हें सावधानी से फैक्ट्री से बाहर निकाला गया। वीकेआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों पर पुलिस जांच रही है। आवासीय कॉलोनी में ये फैक्ट्री बनी हुई थी।