RudraNewsExpress_Logo

जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या : बेटियों-पत्नी को मारा, पिता को चाय पिलाई और घर से भागा आरोपी 

 

Rudra News Express Jaipur. 
राजधानी जयपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंद वाटिका इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर चारों की पत्थर से वार कर हत्या की। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी ने सुबह अपने पिता को चाय पिलाई और इसके बाद घर से फरार हो गया।

घटना का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी के पिता ने घर के अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ शव देखे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

रात में सोते समय हत्या की आशंका : 

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार गोविंद वाटिका इलाके में राहुल झा पर अपनी पत्नी गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या करने का आरोप है।

गीता का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को रात में सोते समय अंजाम दिया गया।

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए संभावित हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण सुरागों की जांच की जा रही है।

पहले दूध लिया, फिर पिता को चाय पिलाई : 

वारदात के बाद शुक्रवार सुबह आरोपी राहुल झा घर में ही था। पुलिस के अनुसार करीब सात बजे उसने दूध वाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई। पिता को चाय पिलाने के बाद राहुल तैयार हुआ और घर से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ समय बाद पिता ने घर के कमरों में खून देखा। अंदर जाकर देखा तो परिवार के चार सदस्य मृत मिले। उन्होंने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पत्नी बुटीक चलाती थी, बेटियां पढ़ाई कर रही थीं : 

पुलिस के अनुसार राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। उसकी पत्नी गीता झा मकान की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थी। तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ निजी नौकरी भी करती थी। पुलिस के मुताबिक राहुल करीब तीन दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था। अब पुलिस उसके जयपुर लौटने के बाद की गतिविधियों और परिवार के साथ उसके संबंधों की जानकारी जुटा रही है। 

चार लोगों की हत्या के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों समेत वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद रिश्तेदार और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद से आरोपी राहुल झा फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।

FROM AROUND THE WEB