खाने में देरी पर जेईएन का गुस्सा: कुचामन में 2200 घरों की बिजली 2 घंटे बंद
RNE Network.
नागौर की कुचामनसिटी के निकट राणासर क्षेत्र में गुरुवार रात एक होटल पर भोजन परोसने में देरी से नाराज होकर कुचामनसिटी के कनिष्ठ अभियंता ( जेईएन ) ने पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी।
इससे करीब 2 घन्टे तक 2200 घर और प्रतिष्ठान अंधेरे में डूबे रहे। रात 9 से 11 बजे तक बिजली बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। मामला उच्च स्तर पर पहुंचने पर मुख्य अभियंता ने हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
अजमेर डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता बलबीर सिंह भदाला ने शराब के नशे में होटल संचालक और कर्मचारियों से गाली - गलौच की। इससे होटल में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरो में कैद हो गयी।
इस घटना पर डीडवाना - कुचामन के जिला कलेक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने कहा है कि एडीएम और एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।

