Movie prime

Global Rajasthan Agritech Meet : जयपुर में 23 मई से बड़ा आयोजन, हैदराबाद में आज इनवेस्टर मीट

 

RNE Jaipur-Hyderabad. 

राजस्थान को कृषि नवाचार, आधुनिक खेती तकनीक और एग्री-बिजनेस निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 मई से जयपुर में आयोजित होने जा रही ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-ग्राम 2026’ से पहले हैदराबाद में विशेष इनवेस्टर मीट आयोजित की जा रही है।

इस इनवेस्टर मीट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा तथा पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के भाग लेने का कार्यक्रम है। राज्य सरकार का उद्देश्य देश-विदेश के निवेशकों को राजस्थान के कृषि, पशुपालन और कृषि आधारित उद्योगों में निवेश के लिए आकर्षित करना है।

कृषि, कोल्ड स्टोरेज और लॉजिस्टिक्स पर रहेगा जोर : 

जयपुर में होने वाले ‘ग्राम-2026’ आयोजन में कृषि नवाचार, आधुनिक खेती तकनीक, पशुपालन, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स और एग्री-बिजनेस निवेश की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा होगी। सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

निवेश आकर्षित करने के लिए कृषि विभाग देश के विभिन्न शहरों में रोड शो और इनवेस्टर मीट आयोजित कर रहा है। हैदराबाद की बैठक को इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

गांव-गांव पहुंच रहा ‘ग्रामरथ अभियान’ : 

‘ग्राम-2026’ से किसानों और ग्रामीणों को जोड़ने के लिए प्रदेशभर में ‘ग्रामरथ अभियान’ भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांवों में जाकर लोगों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, कृषि नवाचार कार्यक्रमों और विकास योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने सांचौर क्षेत्र के चितलवाना में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना भी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए नवाचार और निवेश आधारित मॉडल पर लगातार काम कर रही है, ताकि किसानों की आय बढ़े और गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

FROM AROUND THE WEB