पेट्रोल-डीजल की कम आपूर्ति पर सरकार सख्त, जयपुर सहित कई जिलों में औचक जांच से खुली अनियमितताओं की पोल
RNE Bikaner
जयपुर, उपभोक्ताओं को पेट्रोल एवं डीजल की निर्धारित मात्रा सुनिश्चित कराने तथा माप में अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से माननीय मंत्री श्री सुमित गोदारा (उपभोक्ता मामले विभाग) के निर्देशानुसार विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत दिनांक 16 नवम्बर 2026 से 18 नवम्बर 2026 तक जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया।
जयपुर में बिना वैध सत्यापन संचालित पेट्रोल पंप पर कार्रवाई
जयपुर जिले में अभियान के दौरान श्री कृष्णा पेट्रोलियम, दूदू, चौधरी सर्विस स्टेशन, चाकसू तथा गोपाल पेट्रोलियम, चाकसू का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री कृष्णा पेट्रोलियम, दूदू का संचालन बिना वैध सत्यापन के किया जाना पाया गया। उक्त पेट्रोल पंप का अंतिम सत्यापन निर्धारित अवधि तक ही वैध था तथा वैध सत्यापन के बिना पेट्रोल पंप का संचालन किया जा रहा था। इस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप के नोजल सीज किए गए।
इसके अतिरिक्त चौधरी सर्विस स्टेशन एवं गोपाल पेट्रोलियम, चाकसू पर जांच के दौरान चार नोजलों से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 5 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। इस पर संबंधित नोजलों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जयपुर जिले में अभियान के दौरान कुल 33 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न अनियमितताओं के संबंध में कुल 44,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
अन्य जिलों में भी सख्त कार्रवाई
अजमेर: तीन पेट्रोल पंपों पर चार नोजलों से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल/डीजल की आपूर्ति पर 27 से 30 मिलीलीटर तक कम मात्रा देना पाया गया। चार नोजल सीज कर 41,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
उदयपुर: दो पेट्रोल पंपों पर दो नोजलों से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 30 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। दो नोजल सीज कर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया।
जोधपुर: दो पेट्रोल पंपों पर पांच नोजलों से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 30 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। पांच नोजल सीज कर ₹20,000 का जुर्माना लगाया गया।
दौसा: सूर्या फिलिंग स्टेशन, गढ़ दौसा पर एक नोजल से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 30 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। एक नोजल सीज कर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया।
पाली: भाटी हिंदुस्तान पेट्रोलियम पर एक नोजल से प्रत्येक 5 लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पर लगभग 30 मिलीलीटर कम मात्रा देना पाया गया। एक नोजल सीज कर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया।
प्रदेशभर में 179 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण
अभियान के दौरान प्रदेशभर में कुल 179 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। अनियमितताएं पाए जाने पर 12 पेट्रोल पंपों के कुल 21 नोजल सीज किए गए तथा कुल ₹1,99,000 का जुर्माना लगाया गया।
विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री में निर्धारित मात्रा से कम आपूर्ति तथा बिना वैध सत्यापन के पेट्रोल पंपों का संचालन गंभीर अनियमितताएं हैं। उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

