RudraNewsExpress_Logo

Hanumangarh Flood : मंत्री गोदारा मौके पर, 12 गांवों का ड्रोन सर्वे,  पीलीबंगा में 64, मक्कासर में 61 का रेस्क्यू

 

RNE Hanumangarh.
 

हनुमानगढ़ जिले में लगातार बढ़ रही घग्घर क्षेत्र में पानी की आवक और भारी वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति को देखते हुए खाद्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा जिले के दौरे पर रहे। मंत्री ने हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान इंतजामों को लेकर सख्त दिखे और अधिकारियों से दो टूक कहा, पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उच्च स्थानों पर ही रिलीफ सेंटरों को चिह्नित करो और इसकी फोटो सहित रिपोर्ट भेजो।
 

मीटिंग में अधिकारियों ने बताया कि आपदा की स्थिति में मोबाइल टावर के काम नहीं करने पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के वाहनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं। जिले के 12 संवेदनशील गांवों का ड्रोन से सर्वे भी कराया जा रहा है। एनडीआरएफ के 50, एसडीआरएफ के 15 और सिविल डिफेंस के 30 जवान बचाव कार्यों के लिए तैनात हैं।
 

जलभराव की समस्या से प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है। पीलीबंगा में 64 और मक्कासर में 61 व्यक्तियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है, जहां भोजन, पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। एडीएम ने बताया कि हनुमानगढ़ शहर में जलभराव से बचाव के लिए 14 रिचार्जेबल कुएं बनाए जा रहे हैं।
 

ये बोले मंत्री गोदारा : 
 

मंत्री गोदारा ने कहा कि समय पर कार्रवाई ही आपदा से निपटने का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सूचना पर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जाए, क्योंकि एक घंटे की देरी भी भारी पड़ सकती है। राज्य सरकार के लिए आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस वर्ष पूरे प्रदेश में भारी वर्षा हुई है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं और तैयारियों को चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर उनके साथ खेल एवं युवा मामले शासन सचिव डॉ.  नीरज के पवन, जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB