HEADLINE : Jaipur Khatu Shyam News : खाटूधाम में श्रद्धालुओं का हंगामा, सुरक्षा गेट के ताले तोड़े, बैरियर गिरने से होमगार्ड के पैर टूटे
RNE, NETWORK .
खाटूश्यामजी कस्बे में मासिक मेले के समापन के अगले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच लाला मांगीराम धर्मशाला के पास हंगामे की स्थिति बन गई. पार्किंग से वाहन निकालने को लेकर कुछ श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन की ओर से लगाए गए सुरक्षा गेट के ताले तोड़ दिए और जबरन वाहन निकालने का प्रयास किया. एएसआई शायर सिंह ने बताया था कि यदि बैरियर श्रद्धालुओं की भीड़ पर गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. समय रहते स्थिति संभल जाने से बड़ी जनहानि टल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रद्धालुओं की भीड़ ने सुरक्षा गेट को जोरदार धक्का दिया, जिससे वहां लगा बैरियर अचानक गिर पड़ा. बैरियर की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सुशील सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनके पैर की दोनों हड्डियां टूट गईं. वहीं, एक महिला होमगार्ड के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने की बात सामने आई है.

घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया:
घटना के तुरंत बाद घायल सुशील सैनी को खाटूश्यामजी उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीकर रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही एएसआई शायर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई.
पुलिस ने स्वयं मामले को संज्ञान में लिया:
एएसआई शायर सिंह ने बताया पुलिस की टीम अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हंगामा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान की जा सके. फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. हालांकि, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है. पुलिस ने स्वयं इस मामले में संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

