Movie prime

SI भर्ती रद्द : हाईकोर्ट ने SI भर्ती 2021 परीक्षा रद्द की, कई ट्रेनी सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार हुए थे

 

RNE Jaipur.
 

पेपर लीक और नकल से जबर्दस्त विवाद में आई राजस्थान की SI भर्ती परीक्षा को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। इस परीक्षा में  859 पदों के लिए एग्जाम हुआ था। पेपर लीक में कई ट्रेनी एसआई पकड़े गए थे। इस परीक्षा को रद्द करने की मांग राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा लगातार कर रहे रहे। रालोपा सांसद हनुमान बेनीवाल भी लगातार आंदोलन कर रहे थे। फैसले के बाद कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा- हाई कोर्ट के फैसले से सच की जीत हुई है। इस पूरी भर्ती में फर्जीवाड़ा हुआ था। मेरी जानकारी के अनुसार 500 से ज्यादा ऐसे अभ्यर्थी थे, जिन्होंने फर्जीवाड़ा करके यह परीक्षा पास की थी।
 

हाईकोर्ट के जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने 14 अगस्त को बहस पूरी होने के बाद फैसला रिजर्व रख लिया था। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि इसमें बड़े पैमाने पर नकल हुई थी। RPSC सदस्य तक इसमें शामिल थे। इस फैसले के बाद अब नई भर्ती होगी। इस भर्ती में नई  897 पद और जोड़े जाएंगे। इसके साथ ही जो ओवरएज हो रहे हैं उन्हें भी अवसर दिया जाएगा।
 

एक साल चली सुनवाई : 
 

लगभग एक साल पहले भर्ती को रद्द करने की मांग वाली याचिकाएं हाईकोर्ट में दायर हुई थी। सरकार ने कहा था कि भर्ती को रद्द नहीं करना चाहती थी। इसके साथ ही चयनित अभ्यर्थियों ने भी भर्ती रद्द करने का विरोध किया था। सरकार ने मामले में बहस करते हुए कहा था कि भर्ती में केवल 68 अभ्यर्थियों की मिलीभगत सामने आई थी। इसमें 54 ट्रेनी एसआई, 6 सेलेक्टेड कैंडिडेट और 8 फरार अभ्यर्थी शामिल थे। सरकार ने कहा था- हम पेपर लीक में शामिल लोगों को पकड़ रहे हैं। हमारे लिए भर्ती में सही और गलत की पहचान करना संभव है।
 

दूसरी ओर चयनित अभ्यर्थियों की ओर से बहस करते हुए कहा गया था कि भर्ती में एसओजी कार्रवाई कर रही है। हमने ईमानदारी से परीक्षा दी है। हम अन्य राजकीय सेवाओं से इस्तीफा देकर भर्ती में शामिल हुए थे। अगर पूरी भर्ती रद्द की जाती है तो हमारे साथ अन्याय होगा।