‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत अहमदाबाद में इनवेस्टर मीट आज
RNE Network.
‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 के तहत आज गुरुवार को अहमदाबाद में इन्वेस्टर मीट का आयोजन हो रहा है। इसमें कृषि, एग्रीटेक, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र में निवेश तथा साझेदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस दौरान नीति निर्माता, निवेशक, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर इकट्ठा होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा और पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत भी इस मीट में मौजूद रहेंगे। साथ ही कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि भी अपने विचार रखेंगे।
प्रमुख वक्ताओं में प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल और गुजरात सरकार के कृषि, किसान कल्याण एवं सहकारिता विभाग प्रमुख सचिव रमेश चंद मीणा भी अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन में निवेशकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स का विशेष सत्र होगा, जिससे संभावित साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा “एनिमल हसबेंड्री, डेयरी और कोऑपरेटिव्स में अवसर एवं निवेश संभावनाएं” विषय पर एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। जिसमें विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। उल्लेखनीय है कि ‘ग्राम–2026’ के तहत आयोजित यह रोड—शो निवेशकों, उद्योगों और स्टार्टअप्स के लिए राजस्थान के कृषि एवं एग्रीटेक क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य कृषि क्षेत्र को तकनीक आधारित, आत्मनिर्भर और निवेश-अनुकूल बनाना है। यह आयोजन न केवल निवेश को आकर्षित करेगा, बल्कि राजस्थान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक मजबूत एग्रीटेक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

