Jaipur Railway : NWR के महाप्रबंधक ने पंकज शर्मा ने जयपुर स्टेशन पर स्थितियां देखी
Rudra News Express Jaipur.
त्योहारों के दौरान जयपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को स्टेशन का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी और आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों, होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ जमा नहीं होने दी जाए तथा जरूरत पड़ने पर यात्रियों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में व्यवस्थित रूप से रोका जाए। यात्रियों को सही दिशा-निर्देश देने और सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान के अनुसार काम करने पर भी जोर दिया। शर्मा ने पेयजल, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति भी देखी। उन्होंने इन्हें निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की आवाजाही और नियमित रेल परिचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
साथ ही यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यस्थलों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन सहित मुख्यालय और मंडल के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

