Movie prime

Jaipur Traffic का U-Turn  :  21 प्रमुख जंक्शन होंगे सिग्नल-फ्री, महल रोड की तरह न्यू सांगानेर रोड, सीकर रोड पर भी काम

‘फ्री लेफ्ट टर्न’ : रामबाग सर्कल और जेडीए चौराहे पर के बाद अबअन्य प्रमुख चौराहों पर

Red Light जंप करते ही लाउड स्पीकर पर गूँजेगी चेतावनी

 

RNE Jaipur. 

राजधानी जयपुर के लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में ट्रैफिक जाम और रेड लाइट पर लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने बड़ा प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर के 21 प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों को चरणबद्ध तरीके से सिग्नल-फ्री बनाया जाएगा, जिससे सफर तेज, आसान और अधिक सुगम हो सकेगा।

विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :

r

U-Turn मॉडल : 

जेडीए महल रोड पर सफल रहे यू-टर्न मॉडल को अब न्यू सांगानेर रोड और सीकर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी लागू कर रहा है। इस व्यवस्था के लागू होने से वाहनों को बार-बार रेड लाइट पर रुकना नहीं पड़ेगा और यातायात का प्रवाह लगातार बना रहेगा। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा आम लोगों को मिलेगा। ट्रैफिक जाम में कमी आने से यात्रा समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण भी कम होगा। रोजाना ऑफिस, स्कूल और कारोबार के लिए निकलने वाले हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Free Left Turn से मिलेगी अतिरिक्त सुविधा : 

रामबाग सर्कल और जेडीए चौराहे पर सफल प्रयोग के बाद अब शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी ‘फ्री लेफ्ट टर्न’ सुविधा शुरू की जाएगी। इससे वाहन चालक बिना रुके बाईं ओर मुड़ सकेंगे और ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा।

सूरत जैसा स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम : 

जयपुर में आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन को भी मजबूत किया जा रहा है। अगले महीने से 24 प्रमुख चौराहों को सीधे ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। अत्याधुनिक कैमरों और ऑडियो अलर्ट सिस्टम की मदद से नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही चेतावनी दी जाएगी, जिससे सड़क सुरक्षा और अनुशासन दोनों में सुधार होगा। नई व्यवस्था के तहत यदि कोई वाहन चालक रेड लाइट जंप करता है, स्टॉप लाइन पार करता है या बिना हेलमेट के वाहन चलाता है, तो मौके पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से उसे तत्काल चेतावनी दी जाएगी। यह मॉडल सूरत में लागू सफल ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली से प्रेरित है। 

आधुनिक और व्यवस्थित शहर की ओर कदम : 

जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के अनुसार शहर की सड़कों पर रोड मार्किंग और संकेतकों को भी अपडेट किया जा रहा है। इस पूरी पहल का उद्देश्य जयपुर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के साथ-साथ एक आधुनिक, सुरक्षित और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करना है। ऐसे में कहा जा सकता है कि यदि योजना तय समय पर सफलतापूर्वक लागू होती है, तो आने वाले महीनों में जयपुरवासियों का सफर पहले से कहीं अधिक आरामदायक और सुगम हो जाएगा।

FROM AROUND THE WEB