Jaipur : जुम्मे की नमाज के दौरान दीवार गिरी, 10 दबे, 02 गंभीर
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू
RNE Jaipur.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को नमाज के दौरान एक दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। शहर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में दीवार ढहने से करीब 10 युवक मलबे के नीचे दब गए जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नमाज के दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वहां मौजूद युवक मलबे में दब गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी 10 युवकों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया।
घायलों को उपचार के लिए कांवटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

