Movie prime

Jaisalmer : ईद पर मुस्लिम समाज ने गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने के समर्थन में चलाया हस्ताक्षर अभियान

 
RNE Jaisalmer.
ईद-उल-अजहा के मौके पर जैसलमेर से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल सामने आई। कदीमी ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया। जमीयत उलेमा-ए-हिन्द के बैनर तले आयोजित इस अभियान में युवाओं, बुजुर्गों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ईद की नमाज के बाद शुरू हुए इस अभियान ने पूरे जिले में चर्चा बटोरी। लोगों ने इसे धार्मिक सौहार्द, सामाजिक समरसता और आपसी सम्मान का सकारात्मक संदेश बताया। अभियान में शामिल लोगों ने हस्ताक्षर कर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग का समर्थन जताया।
कदीमी ईदगाह के सचिव अब्दुल कय्यूम गोरी ने कहा कि यह पहल सभी धर्मों की आस्थाओं के सम्मान और समाज में भाईचारा मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
ईद जैसे बड़े धार्मिक पर्व पर शुरू हुई इस पहल को लेकर शहरभर में चर्चाएं होती रहीं। सामाजिक संगठनों और आमजन ने भी इसे सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया।

FROM AROUND THE WEB