ShriDungargarh के लिए जल जीवन मिशन मोघे की मंजूरी जारी, बीकानेर के 108 गांवों और 37 ढाणियों के हजारों लोगों के लिए राहत
RNE Bikaner-ShriDungargarh.
भीषण गर्मी और लगातार गहराते जलसंकट के बीच बीकानेर जिले के 108 गांवों और 37 ढाणियों के हजारों लोगों के लिए राहतभरी खबर आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित जल जीवन मिशन योजना के तहत अब इन क्षेत्रों तक नहर से सीधे पेयजल पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लिए मोघे की स्वीकृति जारी कर दी गई।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) बीकानेर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ एवं आसपास के गांवों की पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए बनने वाले कवर्ड रिजर्वायर हेतु कंवरसेन लिफ्ट नहर की RD 319(R) पर मोघे की मंजूरी दे दी गई है।
इस योजना के तहत 108 गांवों और 37 ढाणियों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 40 क्यूसेक पानी की स्वीकृति भी जारी की गई है। इनमें लूणकरणसर क्षेत्र के 12 गांव भी शामिल हैं। योजना पूरी होने के बाद लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक सारस्वत ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जल जीवन मिशन का पानी पहुंचाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने योजना को गति देने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
शुक्रवार को विधायक सारस्वत ने IGNP बीकानेर के चीफ इंजीनियर विवेक गोयल से मुलाकात कर स्वीकृति पत्र प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने योजना के तकनीकी पहलुओं और कार्य प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों से इसे जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि हर वर्ष गर्मियों में श्रीडूंगरगढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले लेता है। ऐसे में नहर आधारित इस योजना को क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी परियोजना माना जा रहा है।

