RudraNewsExpress_Logo

जनरंजन : मदन राठौड़ के बयान से पंचायत चुनाव पर पड़ेगा असर!, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्त्व चिंतित, राठौड़ से की बात, कांग्रेस ने मौका लपका

 

 

 

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अपने बयानों से कोई न कोई कंट्रोवर्सी खड़ी करते रहे हैं। उनके अटपटे बयान विपक्ष को बैठे बिठाए एक मुद्धा दे देते हैं और फिर राठौड़ सहित अन्य भाजपा नेता उस बयान की सफाई देने में पूरी शक्ति लगाते हैं। राठौड़ थोड़े दिन बीतते है, फिर कोई नई कंट्रोवर्सी खड़ी कर देते हैं। मगर इस बार का बयान तो पूरी पार्टी को ही हिला गया है।
 

मधु आचार्य "आशावादी"
 

राज्यसभा सदस्य और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने अजीबोगरीब व अटपटे बयानों से चर्चा में बने ही रहते हैं। उनके बयान उनके लिए तो गले की हड्डी बनते ही है मगर पार्टी को भी एक बड़े संकट में डाल देते हैं। ये बयान पूरे देश भर में पार्टी की किरकिरी कराते हैं। एक बार ऐसी स्थिति बनने के बाद भी राठौड़ संभलते नहीं, फिर कोई विवादित बयान देकर पार्टी को उलझा देते हैं और पार्टी नेता सफाई देते घूमते ही रहते हैं।


जब कॉकरोच जनता पार्टी ने पहली बार जंतर मंतर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना - प्रदर्शन किया तो वह आंदोलन पूरे देश के युवा वर्ग में फैल गया। उस दौर में भाजपा के नेतृत्त्व वाली केंद्र सरकार फूंक फूंककर कदम रख रही थी ताकि जेन - जी भड़क न जाये। युवा का गुस्सा तो वैसे भी नीट के पेपर के लीक होने के कारण सातवें आसमान पर था और यह वर्ग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम में कुछ भी स्वीकारने को तैयार ही नहीं था। उस समय भी राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने युवा वर्ग व जेन - जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उससे यह वर्ग भड़क गया और आंदोलन कर रहे युवाओं के विरोध को एक और वजह मिल गई।
 

 

राठौड़ उस बड़े विवाद के बाद भी नहीं रुके। राजस्थान में नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल अपनी पार्टी आरएलपी के जरिये तीसरा मोर्चा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह बनता है तो नुकसान तो भाजपा को ही होगा। भाजपा इस वजह से ही आरएलपी को किनारे कर रही है, कुछ टिप्पणी नहीं करती। मगर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी ने तो इस पर भी कड़ी टिप्पणी कर दी। मदन राठौड़ ने कहा कि हनुमान बेनीवाल समाज विरोधी है, गलत भाषा का इस्तेमाल करता है। हनुमान बेनीवाल को समाज से बाहर निकाल देना चाहिए। अब राठौड़ अलग समाज के, बेनीवाल अलग समाज के, फिर समाज से निकालने की बात उनका कहना, कोई औचित्य ही नहीं रखता। जिसका डर था, वही हुआ। राठौड़ के इस बयान से जाट समाज भड़क गया और उसने भाजपा पर हमला बोल दिया। समाज अब भी गाहे - बगाहे राठौड़ के उस बयान का विरोध करने से नहीं चूकता।
 

अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के ताजे विवादित बयान ने तो पूरे देश में ही पार्टी के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। पार्टी को जवाब देते नहीं बन रहा। एक आयोजन में बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान लड़ते हैं तो जाहिर है हम पाकिस्तान के साथ खड़े होंगे। उनके इस भाषण की ऑडियो व वीडियो क्लिप पूरे देश में खूब वायरल हुई। हर जगह विरोध के स्वर खड़े हो गए।
 

भाजपा की रणनीति है कि वह पाकिस्तान को आतंकवादी देश मानता है और विश्व के हर मंच पर उसका विरोध करता है। पाक विरोध पर भाजपा ने अपनी पूरी राजनीति देश में खड़ी की हुई है। इस बयान पर गैर भाजपा दलों ने तुरन्त तीखी प्रतिक्रिया दी। राजस्थान में तो राठौड़ के खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन आरम्भ कर दिया है। भाजपा कार्यालयों पर काली स्याही से राठौड़ व भाजपा विरोधी नारे लिख दिए गए हैं। राठौड़ व भाजपा को पाकिस्तानी परस्त बताते हुए पोस्टर छप गए हैं और प्रदेश में लग गए हैं।

कांग्रेस ने सभी जिलों में प्रदर्शन कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका है। विरोध खड़ा किया गया है और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्त्व इस बयान की सफाई देने में भी हिचक रहा है। राठौड़ ने रटारटाया खंडन किया कि बयान तोड़ मरोड़ के पेश किया गया, मगर वीडियो उपलब्ध है। अब राठौड़ के इस बयान से पूरे देश में भाजपा की किरकिरी हो रही है। राठौड़ ने पार्टी को ही संकट में डाल दिया है।

पंचायत चुनाव पर भी पड़ेगा बयान का असर

राजस्थान में इस समय पंचायत राज के लिए चुनाव चल रहे हैं, जिनको सत्ता का सेमीफाइनल कहा जा रहा है। ग्रामीण जनता राज्य की भाजपा सरकार के कामकाज पर जनमत देगी। सरकार को बने इस वर्ष के अंत तक 3 साल हो जाएंगे। कांग्रेस अब पंचायत चुनाव के प्रचार में राठौड़ के इस बयान का जमकर उपयोग कर रही है और इस बयान को राष्ट्रीय भावना के विपरीत का बयान बता रही है। इस बयान पर ग्रामीण जनता में हलचल भी दिखाई दे रही है।

 

राज्य में सदा से ही कांग्रेस पंचायत राज चुनावों में मजबूत रही है, मगर इस बार तो भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने विपक्ष को बैठे बिठाए एक ज्वलंत और बड़ा मुद्दा थाली में परोसकर दे दिया है। अब कांग्रेस इस बयान के जरिये भाजपा पर हमलावर है। कॉकरोच जनता पार्टी व जेन - जी भी राठौड़ के इस बयान की तीव्र आलोचना कर रहे हैं। बयान पर पूरे देश में प्रतिकूल प्रतिक्रिया हो रही है।

भाजपा का केंद्रीय नेतृत्त्व चिंतित

राठौड़ के इस बयान से भाजपा का केंद्रीय नेतृत्त्व चिंतित है। क्योंकि राठौड़ का यह पहला बयान नहीं है जिसके कारण पार्टी के सामने संकट खड़ा हुआ है। उनके अब तक के अनेक बयान पार्टी को परेशानी में डाल चुके हैं। केंद्रीय नेतृत्त्व ने इस बयान पर खासी नाराजगी जताई, क्योंकि यह बयान पार्टी लाइन के पूरी तरह से प्रतिकूल है।

 

बयान पर बवाल बढ़ा तो खुद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सामने आए और कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़कर, संदर्भ काटकर जारी किया गया। उनका कहना था कि उन्होंने तो मैच को लेकर यह बयान दिया था। मगर उनके इस कमजोर बचाव या सफाई का कोई असर होता दिख ही नहीं रहा। उलटे उसकी एवज में मूल बयान ज्यादा वायरल कर जवाब दिया जा रहा है।


बताते हैं, नाराज पार्टी नेतृत्त्व ने मदन राठौड़ से उनके बयान पर जवाब भी मांगा है। भाजपा के संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने इस विषय में राठौड़ से बात की है और पार्टी की नाराजगी के बारे में भी बताया है। पार्टी अब राठौड़ के बयानों को लेकर गंभीर हो गई है।

FROM AROUND THE WEB