जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने बनाया अनूठा मंदिर
RNE Network.
यह तबादलों का सीजन है। राज्य सरकार ने तबादलों पर से प्रतिबन्ध हटा दिया है। अब कर्मचारी मनचाहे स्थान पर तबादला कराने की दौड़ में लगे हुए हैं। तबादलों के लिए कोई नीति तो बनी हुई नहीं है। इस सूरत में तबादले केवल सत्ताधारी विधायकों की डिजायर पर ही होंगे। इस सूरत में कर्मचारी विधायकों के द्वार पर पहुंच रहे हैं।
तबादलों की चाह रखने वाले कर्मचारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए समय बचाने के लिए जोधपुर शहर के विधायक अतुल भंसाली ने नया और अनूठा तरीका निकाला है। इन विधायक महोदय ने अपने कार्यालय में ' डिजायर मंदिर ' बनाया है।
मंदिर में श्रीराम की तस्वीर के सामने एक विशेष बॉक्स रखा गया है, जिसमे कर्मचारी, उनके समर्थक और कार्यकर्ता अपना ट्रांसफर सम्बन्धी प्रार्थना पत्र डाल रहे हैं। विधायक भंसाली का कहना है कि लगातार बढ़ती भीड़ और जनता के अन्य कार्य प्रभावित होने की स्थिति देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
उनका कहना है कि यदि दिन भर कर्मचारियों की डिजायर ही सुनता रहूं तो आम जन की समस्याएं कब सुलझाऊंगा। मैं ट्रांसफर आदेश जारी नहीं करता, केवल लोगों की बात सरकार और सम्बंधित मंत्री तक पहुंचाने वाला डाकिया हूं। अंतिम निर्णय नियमों व सरकार की प्रक्रिया के अनुसार होता है।

