Jodhpur Crime News : Apple के नाम पर फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 32 गिरफ्तार, हर महीने 1.50 करोड़ की ठगी
Rudra News Express Jodhpur.
जोधपुर के बासनी में पुलिस ने फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह अमेरिकी नागरिकों को Apple के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर गिफ्ट कार्ड के जरिए ठगता था और हर महीने 1.25 से 1.50 करोड़ रुपये की ठगी कर रहा था।
पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (CST) ने बासनी की 6 नंबर गली स्थित ठिकाने पर दबिश देकर 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले करीब आठ महीने से कॉल सेंटर की आड़ में साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था।
महाराष्ट्र, नॉर्थ ईस्ट के हैं आरोपी :
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के 7 और नॉर्थ-ईस्ट के विभिन्न राज्यों के अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने मामले के दो मुख्य आरोपियों की पहचान अहमदाबाद निवासी मौलिक पांड्या और हरविजय गोविल के रूप में की है। कार्रवाई के दौरान मौके से 34 लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन और 2 लग्जरी वाहन जब्त किए गए हैं।
अमेरिकी नागरिक बनते हैं निशाना :
पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया के अनुसार, गिरोह मुख्य रूप से अमेरिका, खासकर वेस्टर्न यूएस के नागरिकों को निशाना बनाता था। आरोपी बल्क मैसेज के जरिए लोगों को Apple के नाम से फर्जी संदेश भेजते थे। इन संदेशों में Apple फोन से जुड़े अतिरिक्त शुल्क के भुगतान का झांसा दिया जाता था। मैसेज में दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर फोन जोधपुर स्थित फर्जी कॉल सेंटर में पहुंचता था। यहां आरोपी खुद को अमेरिकी कॉल सेंटर का प्रतिनिधि बताकर 400 से 500 डॉलर मूल्य के गिफ्ट कार्ड रिडीम करवाने के नाम पर ठगी करते थे।
ठगी की रकम चीन होकर आरोपियों तक पहुंचती :
जांच में यह भी सामने आया है कि ठगी की रकम चीन भेजी जाती थी और वहां से यूएसडीटी (USDT) तथा क्रिप्टो वॉलेट के जरिए आरोपियों तक पहुंचती थी। पुलिस के मुताबिक, गिरोह हर महीने करीब 1.25 से 1.50 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार कर रहा था। फिलहाल पुलिस चाइनीज हैंडलर्स से संपर्क, ठगी की रकम के ट्रांसफर की पूरी चेन और आरोपियों के भर्ती नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

