Movie prime

Kirodi Lal अचानक ACB ऑफिस पहुंचे, बोले "दोषी हूं तो गिरफ्तार करो"

 
किरोड़ी मीणा का आरोप: मुझे बदनाम करने की साजिश हो रही

 

RNE Jaipur.

 

राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा शुक्रवार को अचानक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) मुख्यालय पहुंच गए। बीज घोटाला और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच ACB डीजी से मुलाकात करने पहुंचे मीणा ने दो टूक कहा, "यदि मैं दोषी हूं तो मुझे गिरफ्तार करो।"

 

मंत्री मीणा ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से वे आहत हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

सिटिंग जज से जांच की मांग :

ACB मुख्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि ACB को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में यह भी साफ किया जाए कि आरोप किस व्यक्ति पर हैं और जांच किस दिशा में चल रही है। मीणा ने सरकार से पूरे प्रकरण की सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा, "ACB अपनी लक्ष्मण रेखा पार नहीं करे। अगर मेरे खिलाफ कोई ठोस सबूत हैं तो कार्रवाई की जाए, लेकिन बेवजह मेरी छवि खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।"

बीज घोटाले से जुड़ा है विवाद

दरअसल, हाल के दिनों में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने नकली खाद और बीज के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई दुकानों, गोदामों और फैक्ट्रियों पर छापेमारी करवाई थी। इस दौरान बड़ी मात्रा में माल जब्त किया गया था।

इसी कार्रवाई से जुड़े कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और बिचौलियों पर जब्त माल छोड़ने के बदले रिश्वत लेने के आरोप लगे। जांच के दौरान बीज निगम के एक निदेशक सहित कई कर्मचारी, व्यापारी और दलाल भी पकड़े गए तथा करोड़ों रुपये की बरामदगी होने की जानकारी सामने आई।

इन घटनाक्रमों के बाद विपक्ष और कुछ राजनीतिक हलकों से मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की भूमिका पर भी सवाल उठाए जाने लगे। बढ़ते विवाद के बीच मंत्री स्वयं ACB मुख्यालय पहुंच गए और खुली जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वे दोषी साबित होते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

FROM AROUND THE WEB