Kota : खाना खाते लोगों पर बिल्डिंग गिरी, मलबे में दबे, 02 की मौत, 13 घायल
RNE Kota-Rajasthan.
राजस्थान के कोटा शहर के तलवंडी इलाके में 3 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक कोचिंग स्टूडेंट समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। इनमें से 8 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं 5 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसा शनिवार की रात तब हुआ जब एक 03 मंजिला इमारत के निचले हिस्से में बने रेस्टोरेंट में लोग खाना खा रहे थे।
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया के मुताबिक जिस इमारत में हादसा हुआ, उसमें “दिल्ली” नाम का एक रेस्टोरेंट संचालित था। घटना के समय रेस्टोरेंट में ग्राहक और 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे। अधिकांश घायल खाना खा रहे थे या काम कर रहे थे, तभी इमारत ढह गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इमारत के मलबे में दबे लोगों की हालत बेहद भयावह थी। किसी का हाथ तो किसी का पैर मलबे के बाहर दिखाई दे रहा था। अंदर फंसे लोग चिल्ला रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
पश्चिम बंगाल के युवक समेत 02 की मौत:
हादसे में जान गंवाने वाले कोचिंग स्टूडेंट की पहचान आर्यन (20) निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
ये हुए घायल:
सीएमएचओ नरेंद्र नागर के अनुसार घायलों में सुदीता (30), शालीन सुवास्या (25), मोहम्मद जहांगीर (30), भूपेंद्र (40), पूरब मीणा (24), नावेद (20), मोहम्मद साबिर (झारखंड) सहित अन्य शामिल हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान SDRF का एक जवान रॉकी डेनियल भी घायल हो गया।

धमाका हुआ और गिर गई बिल्डिंग:
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले पटाखों के धमाके जैसी तेज आवाज आई, फिर अचानक पूरी इमारत गिर गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तो अंदर से मदद की आवाजें आ रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत के पीछे निर्माण कार्य चल रहा था। ड्रिल मशीन और हैमर के लगातार इस्तेमाल से इमारत में तेज कंपन हो रहा था, जिससे यह हादसा होने की आशंका है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

