Kota Railway Division : हेमा मालिनी, दुष्यंतसिंह, सीपी जोशी सहित 12 सांसदों को बुलाया, एक ही आए
Rudra News Express Kota.
रेल्वे के कोटा डिवीजन ने यात्री सुविधाओं और रेल विकास परियोजनाओं पर चर्चा के लिए डिवीजन से जुड़े 12 सांसदों को आमंत्रित किया, लेकिन ज्यादातर सांसद बैठक में नहीं पहुंचे। बुधवार को कोटा के उम्मेद भवन पैलेस में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में केवल भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से पहुंचे। वहीं झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। अन्य सांसदों ने अपने प्रतिनिधियों को बैठक में भेजा।
पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में कोटा मंडल से जुड़े सात संसदीय क्षेत्रों की रेल संबंधी आवश्यकताओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं पर चर्चा हुई। खास बात यह रही कि आमंत्रित सांसदों में मथुरा की सांसद हेमा मालिनी और अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल थे, लेकिन वे स्वयं बैठक में नहीं पहुंचे।
सांसदों के प्रतिनिधियों ने रखे सुझाव :
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार बैठक में कोटा मंडल परिक्षेत्र के 11 लोकसभा और एक राज्यसभा सांसद सहित कुल 12 सांसदों को आमंत्रित किया गया था। बैठक में दामोदर अग्रवाल व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। दुष्यंत सिंह और सीपी जोशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। सांसदों की ओर से कमलेंद्र सिंह हाड़ा, महेंद्र गाड़िया, संजय गोविल, आदित्य शर्मा, धीरज गुप्ता और राजदीप सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने क्षेत्रों से जुड़े सुझाव रखे।
रेलवे ने बताईं बड़ी परियोजनाएं और उपलब्धियां :
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने पश्चिम मध्य रेलवे की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि मथुरा-कोटा और कोटा-नागदा के कुल 549 किलोमीटर रेलखंड पर स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली कवच 4.0 का काम पूरा हो चुका है।
रामगंजमंडी-भोपाल नई रेल लाइन परियोजना के 276 किलोमीटर में से 222 किलोमीटर का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2026 तक रेलवे ने लगभग 34 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष से करीब 8 प्रतिशत अधिक है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गंगापुर सिटी, बूंदी और मांडलगढ़ सहित विभिन्न स्टेशनों के विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई।
सांसदों के सुझावों पर ये प्रस्ताव आगे बढ़े :
- भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल के सुझाव पर कोटा-उदयपुर वाया चंदेरिया दैनिक मेमू ट्रेन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है।
- दुष्यंत सिंह के सुझाव पर कोटा-घाटोली मेमू का खिलचीपुर होते हुए राजगढ़ सिटी तक विस्तार प्रस्तावित है।
- चित्तौड़गढ़-कोटा रेलमार्ग के दोहरीकरण का सर्वे रेलवे बोर्ड से स्वीकृत हो चुका है।
- कोटा-नीमच नई रेल लाइन की डीपीआर रेलवे बोर्ड को भेजी गई है।
- उज्जैन-झालावाड़ नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा कर डीपीआर भेजी जा चुकी है।
- मंदसौर क्षेत्र के शामगढ़ मालगोदाम का विकास कार्य प्रगति पर है।
- राजगढ़ के पचोर के समीप फुट ओवरब्रिज का काम प्रगति पर है।
सुझावों पर होगा काम :
महाप्रबंधक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रेलवे प्रशासन उनके सुझावों के आधार पर विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। बैठक में कोटा मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा सहित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय और कोटा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

