Movie prime

Kota Railway News: 80 ग्राम सोने के सिक्के, ढाई किलोग चांदी सहित 21 लाख का सामान ट्रेन में छूटा, आरपीएफ ने लौटाया

 

RNE Kota.

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कोटा ने "ऑपरेशन अमानत" के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक यात्री का करीब 21 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग बरामद कर उसे सकुशल वापस लौटा दिया।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22976 रामनगर–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे अजय प्रकाश पाण्डेय का सामान ट्रेन में छूट गया था। वे लाल कुआं से वडोदरा तक यात्रा कर रहे थे। बदायूं स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरने के दौरान ट्रेन चल पड़ी और उनका ट्रॉली बैग, पिट्ठू बैग तथा एक झोला कोच ए-1 की सीट संख्या 15 पर ही रह गया।

Kota

मामले की सूचना रेल मदद के माध्यम से मिलने पर आरपीएफ कोटा हरकत में आई। ट्रेन के कोटा स्टेशन पहुंचने पर उप निरीक्षक कप्तान सिंह और आरक्षक राहुल रघुवंशी ने संबंधित सीट से सामान सुरक्षित बरामद कर आरपीएफ पोस्ट कोटा में जमा कराया तथा यात्री को इसकी जानकारी दी।

बाद में यात्री अजय प्रकाश पाण्डेय, निवासी वडोदरा (गुजरात), आरपीएफ पोस्ट कोटा पहुंचे। आवश्यक दस्तावेजों और बिलों के सत्यापन के बाद उप निरीक्षक सूरज सिंह परमार ने गवाहों की मौजूदगी में सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया।

बरामद सामान में करीब 80 ग्राम स्वर्ण बुलियन (सिक्के), ढाई किलोग्राम चांदी के बार, एक लैपटॉप व चार्जर, 15 जोड़ी साड़ियां तथा आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 21 लाख रुपये बताया गया है।

आरपीएफ की इस ईमानदार और त्वरित कार्रवाई से यात्री को बड़ी आर्थिक क्षति से बचाया जा सका। सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल का आभार जताया।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी सहायता या शिकायत के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 या निकटतम आरपीएफ पोस्ट से संपर्क करने की अपील की है।

FROM AROUND THE WEB