Loksabha : हनुमान बेनीवाल ने शून्यकाल में रूस से 61 भारतीयों की वतन वापसी की मांग उठाई
RNE New Delhi.
बुधवार को लोक सभा के शून्यकाल में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर का ध्यान एक अत्यंत गंभीर, मानवीय और संवेदनशील विषय की तरफ आकर्षित करते हुए रूस में फंसे हुए 61 भारतीय नागरिकों की वतन वापसी कराने का मुद्दा उठाया।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के नागरिक स्टडी वीजा और वर्क वीजा पर रूस गए थे। एजेंटों द्वारा धोखे से उन्हें युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया। राजस्थान के मनोज सिंह शेखावत, अजय कुमार, संदीप सूंडा, महावीर प्रसाद, करमचंद तथा अन्य राज्यों के कुल 61 युवक पिछले कई महीनों से रूस-यूक्रेन युद्ध में जबरन सैन्य गतिविधियों में लगाए गए हैं। इन युवकों का 3 से 4 महीनों से अपने परिवारों से कोई संपर्क नहीं हुआ है। इन परिवारों ने 3 नवंबर और 1 दिसंबर को दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर धरना देकर अपनी पीड़ा और चिंता सरकार तक पहुँचाई है।
सांसद ने कहा कि इस विषय की सूचना उनके द्वारा विदेश मंत्रालय को भी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आवश्यक है कि इन भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और रूस सरकार से तत्काल वार्ता कर इन्हें युद्ध क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालकर स्वदेश वापसी की ठोस पहल की जाए।
एजेंटों द्वारा युवाओं को नौकरी और सामान्य कार्य का झांसा देकर फ्रंटलाइन पर भेजा जाना अत्यंत गंभीर आपराधिक कृत्य है, जिस पर भी त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।

