Movie prime

Millets Store & Cafe : राजस्थान के इस शहर में खुलेगा 'सहकार श्री अन्न' मिलेट्स स्टोर एंड कैफे, मिलेगा व्यंजनों का स्वाद 

'सहकार श्री अन्न' मिलेट्स स्टोर एंड कैफे से स्वस्थ्य जीवनशैली के साथ मिलेंगे बेहतर व्यंजन 

 

स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ते रुझान के बीच उदयपुर के सेक्टर 4 में जल्द 'सहकार श्री अन्न' मिलेट्स स्टोर एंड कैफे खुलेगा। यह स्टोर कम-कैफे न सिर्फ खरीदारी का केंद्र होंगे, बल्कि मिलेट्स के व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। मिलेट्स आधारित डिशेज जैसे खिचड़ी, डोसा, उपमा और हेल्दी स्नैक्स परोसे जाएंगे। ग्राहक मिलेट्स का आटा, दलिया, कुकीज, नूडल्स, स्नैक्स और रेडी-टू-कुक आइटम्स भी खरीद सकेंगे।

सहकारी उपभोक्ता भंडार की ओर से संचालित प्रोजेक्ट सहकारिता मॉडल को भी मजबूत करेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सामान मिलेगा। प्रबंधन के अनुसार, स्टोर-कम-कैफे को अंतिम रूप दिया जा रहा है और अगले महीने तक इसे खोल दिया जाएगा। इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है।

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगा मंच

प्रशासक एवं रजिस्ट्रार गुंजन चौबे ने बताया इस स्टोर-कम-कैफे में स्वयं सहायता समूहों और राजीविका महिला समूह की ओर से तैयार उत्पादों को भी स्थान दिया जाएगा।

मिलेट्स को मिलेगा नया मंच

केंद्र सरकार के मिलेट्स को बढ़ावा देने के बाद अब स्थानीय स्तर पर भी इनका प्रसार तेजी से हो रहा है। 'सहकार श्री अन्न' इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां जौ, ज्वार, बाजरा और रागी जैसे मोटे अनाजों से बने उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। यह पहल किसानों को भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाएगी।

सरकारी बैठकों में भी मिलेट्स का उपयोग

इस पहल को सफल बनाने सहकारी उपभोक्ता भंडार उदयपुर ने जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा है। उन्होंने जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल से मुलाकात कर अनुरोध किया है कि सभी सरकारी आयोजनों, बैठकों और कार्यक्रमों में मिलेट्स आधारित उत्पादों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

FROM AROUND THE WEB