बांडी, जोजरी और लूनी नदी बहाव क्षेत्र में खनिज बजरी के अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण पर माइंस विभाग सख्त
RNE Bikaner
जयपुर बांडी, जोजरी और लूनी नदी बहाव क्षेत्र में खनिज बजरी के अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण पर माइंस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम श्रीमती अपर्णा अरोरा ने बांडी, जोजरी और लूनी नदी बहाव क्षेत्र में खनिज बजरी के अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, एनजीटी और हाईलेवल इकोसिस्टम ओवरसाइट कमेटी द्वारा जारी निर्देशों की खान विभाग एवं राजस्थान प्रदूषण नियत्रण मण्डल द्वारा सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने और सख्ती से कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं अध्यक्ष राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल श्रीमती अपर्णा अरोरा सचिवालय से हाईब्रिड मोड पर निदेशक माइंस सहित खान एवं पर्यावरण विभाग के संबंधित अधिकारियों की बैठक ले रही थी। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियां को अवैध खनिज बजरी खनन गतिविधियों की रोकथाम की तत्काल कार्ययोजना बनाने, निदेशक माइंस द्वारा हर तीसरे दिन वीसी के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट लेने, क्षेत्र में संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि की गई कार्रवाई से राज्य सरकार को नियमित रुप से अवगत कराया जाएं।
श्रीमती अपर्णा अरोरा ने कहा कि अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अधिकारियों को फील्ड में मोनेटरिंग व्यवस्था को चाक चौबंद करते हुए अवैध गतिविधियों पर भारत सरकार द्वारा जारी एंफोर्समेंट एण्ड मोनिटरिंग गाइडलाइंस फॉर सेंड माइनिंग, 2020 के अनुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
हाईब्रिड मोड बैठक में निदेशक माइंस श्री महावीर प्रसाद मीणा, अतिरिक्त निदेशक माइंस श्री महेश माथुर, ओएसडी डॉ. अनुज सक्सेना, श्री श्रीकृष्ण शर्मा, एसएमई जयपुर श्री एनएस शक्तावत, जोधपुर श्री देवेन्द्र गौड़, अजमेर श्री जय गुरुबख्सानी व जोधपुर, जालौर, बाड़मेर, बालोतरा, सिरोही, पाली और नागौर आदि जिलों के खनिज अभियंताओं ने हिस्सा लिया। राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के श्री अमित शर्मा और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

