New Railway Line : केंद्र ने राजस्थान को नई रेल लाइन, इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए दिए 10 हजार 228 करोड़ रुपए, जोधपुर से पहली स्लीपर वंदेभारत को दी मंजूरी
केंद्र सरकार ने बजट के माध्यम से राजस्थान को नई रेल लाइन, रेलवे स्टेशन निर्माण, इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए रिकार्ड बजट दिया है। इस बजट के माध्यम से रेलवे द्वारा राजस्थान की यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जहां पर यात्रियों को आरामदेय सफर का मौका मिलेगा। केंद्र सरकार ने बजट के माध्यम से राजस्थान को 10 हजार 228 करोड़ रुपए का वित्तीय प्रावधान किया है। यह अब तक सर्वाधिक है। यह राशि गत वर्ष की तुलना में 2.68 लाख रुपए अधिक है।
इसमें नई रेल लाइन, रेलवे स्टेशन निर्माण को गति मिलेगी। इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यों को गति देने के लिए 2.93 लाख करोड़ रुपए मिलेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीसी के जरिए बजट में रेलवे के लिए किए गए प्रावधानों की जानकारी दी। रेल मंत्री ने कहा, राजस्थान में 56 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्य प्रगति पर हैं।
जोधपुर से चलेगी पहली स्लीपर वंदेभारत
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा राजस्थान के लोगों व पर्यटकों के सफर को सुगम बनाया जाएगा। इसमें बॉर्डर एरिया में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। जोधपुर में बने स्लीपर वंदेभारत के अनुरक्षण शेड में स्लीपर वंदेभारत ट्रेन के रख रखाव की भी सुविधा है। ऐसे में संभावित रूप से प्रदेश की पहली स्लीपर वंदेभारत ट्रेन जोधपुर से ही चलेगी। जैसलमेर में पिट लाइन का निर्माण जारी है।
खातीपुरा में अनुरक्षण डिपो बन रहा है।
जयपुर जंक्शन की सेकेंड एंट्री और गांधीनगर स्टेशन का कार्य दो महीने में हो जाएगा। वर्ष 2026-27 में 250 किलोमीटर रेलमार्ग पर कवच प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य है।
15 गुना से अधिक बजट
रेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान रेल बजट 2009-14 की तुलना में 15 गुना से अधिक है। वर्ष 2014 से अब तक राज्य में रेलवे ट्रैक पर 1514 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा चुके हैं। करीब 3900 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का निर्माण किया है, जो डेनमार्क के कुल रेल नेटवर्क से अधिक है।
दो महीने में तैयार होंगे दस स्टेशन
जीएम ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में 77 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य चल रहा है। इनमें से 5 स्टेशनों का उद्घाटन हो चुका है और 4 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो गया है। दो माह में 10 और स्टेशन तैयार हो जाएंगे।

