New Underpass : जोधपुर शहर को जाम से राहत देने का बनाया प्लान, शहर में बनेंगे दो नए अंडर पास
जोधपुर शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए जोधपुर विकास प्राधिकरण की तरफ से नया प्लान तैयार किया है। प्लान के तहत जोधपुर शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दवाव को कम करने के लिए लक्ष्य को निर्धारित किया गया है। जोधपुर विकास प्राधिकरण की ओर से पहली बार दो नए अंडर पास का निर्माण किया जाएगा। जेडीए की ओर से इसका प्रस्ताव वित्तिय वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा में रखा गया था। इन अंडरपास के निर्माण के लिए जेडीए ने डीपीआर के लिए टेंडर जारी करने के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
पहला अंडरपास सर्किट हाउस होते हुए रातानाडा सब्जी मंडी से भाटी चौराहा के पास खुलेगा और दूसरा अंडरपास जलजोग चौराहा से रेजीडेंसी रोड से होते हुए गौरव पथ की पथ ओर खुलेगा। जेडीए की ओर सेकरीब 50 करोड़ रुपए की लागत से इन दो अंडरपास को बनाया जाएगा।
भारी यातायात दबाव वर्तमान में शहर के कई प्रमुख चौराहों पर दिनभर भारी यातायात दबाव रहता है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर पीक ऑवर्स में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। ऐसे में इन अंडरपास के बनने से प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
रूट का होगा विस्तृत सर्वे
जेडीए के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित रूट का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। इस सर्वे के माध्यम से ट्रैफिक फ्लो, स्थानीय जरूरतों और संभावित समस्याओं का आकलन किया जाएगा, ताकि अंडरपास का डिजाइन अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाया जा सके। परियोजना के पूरा होने के बाद शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यातायात सुगम होने से समय की बचत होगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनेगी।
जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी ने बताया कि जोधपुर शहर में यह पहले दो अंडरपास होंगे, जिससे पिक आवर्स में लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस प्रोजेक्ट की डीपीआर को वित्तिय स्वीकृति मिल गई है। आगामी दिनों में जल्द ही इसका टेंडर भी जारी कर दिया जाएगा।

