Organic Food Market : राजस्थान के इस शहर में खुलेगी आर्गनिक फूड मार्केट, उपभोक्ताओं को मिलेंगे शुद्ध उत्पाद
राजस्थान सरकार द्वारा किसानों व उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचाने के लिए ऑर्गेनिक फूड बाजार खोलने की योजना बनाई
राजस्थान सरकार द्वारा किसानों व उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचाने के लिए ऑर्गेनिक फूड बाजार खोलने की योजना बनाई है। यह ऑर्गेनिक फूड बाजार राजस्थान के जोधपुर शहर में खोला जाएगा। इसके लिए राजस्थान सरकार की तरफ से बजट में घोषणा की गई है। इससे जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, इसका लाभकिसानों व उपभोक्ताओं को मिलेगा।
किसानों को जहां अपने जैविक उत्पाद बेचने के लिए मार्केट या प्लेटफार्म मिलेगा, वहीं आम उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य उत्पाद मिलेंगे। बजट में जोधपुर के अलावा कोटा व उदयपुर में आर्गेनिक फूड मार्केट खोलने की घोषणा की गई है। जोधपुर जिले में बड़ी संख्या में किसान ऑर्गेनिक खेती करते हैं। जो अपने जैविक उत्पादों को बेचने को लेकर परेशान रहते थे। मंडियों में जैविक उत्पादों को बेचने को लेकर भी कोई स्थाई व्यवस्था नहीं थी। सरकार की इस घोषणा से किसानों को जैविक उत्पादों को बेचने के लिए अलग मार्केट मिलेगा।
ऑर्गेनिक फूड बाजार यह होगा खास
रसायन-मुक्त (बिना केमिकल) खाद्य पदार्थों की उपभोक्ता तक सीधी उपलब्धता सुनिश्चित करना। जैविक खेती को बढ़ावा देना तथा किसानों की आय में वृद्धि लाना। उपभोक्ताओं को स्वस्थ, प्राकृतिक और प्रमाणित खाद्य सामग्री का विकल्प देना प्राथमिकता रहेगी।
यह मिलेगा फूड मार्केट में
यह ऑर्गेनिक फूड मार्केट एक व्यापक बाजार होगा, जिसमें स्थानीय उत्पादक अपने जैविक उत्पादों को सीधे ग्राहकों के सामने बेच सकेंगे। इसमें फल-सब्जयां, अनाज (गेहूं, बाजरा, मक्का), आटा, दालें, जैविक मसाले, ड्राइफ्रूट, तेल आदि शामिल होंगे।
भारतीय किसान संघ के महामंत्री तुलछाराम सिंवर ने बताया कि ऑर्गेनिक फूड मार्केट की घोषणा सकारात्मक कदम है, जो किसानों को कृषि उत्पाद बेचने का सशक्त मंच देगा तथा उपभोक्ताओं को स्वास्थ्य-प्रद, रसायन-मुक्त खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराएगा।

