Movie prime

Pachpadra Refinery : पीएम मोदी उद्घाटन करने आएंगे, पहले आग लगने से टला था कार्यक्रम, सीएम भजनलाल ने ली हाई लेवल मीटिंग

 

RNE Jaipur. 

राजस्थान की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल पचपदरा रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन को लेकर एक बार फिर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट संकेत दिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें और उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न छोड़ी जाए।

यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इसी वर्ष अप्रैल में प्रधानमंत्री मोदी का उद्घाटन कार्यक्रम तय होने के बावजूद उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले रिफाइनरी में लगी आग के कारण पूरा कार्यक्रम रद्द करना पड़ गया था।

उद्घाटन से एक दिन पहले लगी थी आग : 

20 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) के हीट एक्सचेंजर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। घटना के बाद रिफाइनरी परिसर में हड़कंप मच गया था। हालांकि कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया और 20 से अधिक दमकल वाहनों की मदद से कुछ घंटों में आग पर काबू पा लिया गया था।

इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री मोदी का 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। उस समय यह घटनाक्रम प्रदेश और देश के औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी चर्चा का विषय बना था।

अब फिर तैयार, कई यूनिट्स शुरू : 

मुख्यमंत्री की बैठक में एचआरआरएल (HPCL Rajasthan Refinery Limited) प्रबंधन ने बताया कि रिफाइनरी अब फिर से पूरी क्षमता के साथ संचालन की दिशा में आगे बढ़ रही है। आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स सक्रिय हो चुकी हैं और कई पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन शुरू हो चुका है। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रिफाइनरी के संचालन, उत्पादन और तकनीकी प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। एचआरआरएल प्रबंधन ने रिफाइनरी से तैयार उत्पादों के नमूने भी मुख्यमंत्री को भेंट किए।

राजस्थान की अर्थव्यवस्था के लिए क्यों महत्वपूर्ण?

करीब 79,459 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक इतिहास की सबसे बड़ी परियोजनाओं में गिनी जाती है। यह परियोजना एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। विशेषज्ञों के अनुसार रिफाइनरी शुरू होने से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा। पेट्रोकेमिकल आधारित उद्योगों का विकास होगा। राज्य के राजस्व में बड़ी वृद्धि होगी। बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। राजस्थान देश के ऊर्जा मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में आएगा।

सीएम बोले—राजस्थान का ग्रोथ इंजन बनेगी रिफाइनरी : 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में कहा कि पचपदरा रिफाइनरी केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं बल्कि राजस्थान के आर्थिक भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने इसे प्रदेश का ग्रोथ इंजन बताते हुए कहा कि इसके संचालन से राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और सुरक्षा से लेकर संचालन तक हर पहलू की बारीकी से निगरानी की जाए।

उद्घाटन की नई तारीख पर नजर : 

हालांकि सरकार की ओर से अभी प्रधानमंत्री मोदी के दौरे और उद्घाटन की नई तारीख की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि परियोजना के उद्घाटन को लेकर सरकार गंभीरता से तैयारी कर रही है। अप्रैल में आग की घटना से टल चुके इस कार्यक्रम के बाद अब प्रदेश की निगाहें उस दिन पर टिकी हैं जब देश की सबसे बड़ी रिफाइनरी परियोजनाओं में शामिल पचपदरा रिफाइनरी का औपचारिक उद्घाटन होगा और राजस्थान के औद्योगिक विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

FROM AROUND THE WEB