Panchayat Election : राजस्थान में फलौदी, बीकानेर में पूगल वोटिंग में सबसे आगे!
100 साल की जियादेवी से लेकर 18 साल की अनुराधा तक वोटिंग का उत्साह
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण में हो रहे ग्राम पंचायत और सरपंच के चुनावों में लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस चरण में 16 जिलों की 104 पंचायत समितियों के अंतर्गत 3,314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है। सरपंच के साथ 28,682 वार्ड पंच के लिए भी चुनाव हो रहा है। बीकानेर भी पहले चरण में शामिल जिलों में है।
बीकानेर- पूगल में सबसे ज्यादा, छत्तरगढ़ में कम :
बीकानेर जिले की चार पंचायत समिति क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे तक पूगल में सबसे ज्यादा 56.99 प्रतिशत मतदान हुआ। छतरगढ़ में 48.12 प्रतिशत वोटिंग हुई। खाजूवाला में 52.48% और रूणिया में 52.08% मतदान हुआ।

राजस्थान में फलौदी में सबसे ज्यादा मतदान, राजसमंद पीछे :
राजस्थान की 104 पंचायत समितियों में वोटिंग ट्रेंड देखें तो राज्य के फलौदी जिले में दोपहर एक बजे तक सर्वाधिक वोटिंग हुई है। फलौदी की देचू पंचायत समिति 64.25 प्रतिशत वोटिंग के साथ सबसे आगे है। सर्वाधिक वोटिंग वाली टॉप 10 पंचायतों में फलौदी की 04 शामिल हैं। इनमें देचू, फलोदी,लोहावट शामिल है। इसके साथ ही बाड़मेर की मंगता, लीलसर, चौहटन, आड़ेल और सेड़वा पंचायत समितियां भी वोटिंग के लिहाज से टॉप 10 में शामिल हैं। राजसमंद के दो क्षेत्र सबसे नीचे पायदान पर हाँ। इनमें देलवाड़ा 29.62 और खमनोर 29.73 प्रतिशत वोटिंग वाले हैं।

वोटिंग के नजारे : 100 से 18 साल तक वालों में उत्साह :
कई जगह वोटिंग को लेकर उत्साह वाले नजारे दिख रहे हैं। बीकानेर की रायसर ग्राम पंचायत में लगभग 100 साल की जिया देवी वोट देने पहुंची। वोटर आईडी कार्ड के अनुसार जियादेवी का जन्म वर्ष 1927 में हुआ। पोते रामदेव और शिवलाल के साथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रायसर में वोट डालने के बाद अंगुली पर लगी स्याही दिखाई, सेल्फी पॉइंट पर तस्वीर भी खिंचवाई। उनकी मौजूदगी ने मतदान केंद्र पर लोकतंत्र के प्रति विश्वास और भागीदारी का संदेश दिया।

इसके साथ ही पहली बार वोट देने वालों यानी हाल ही 18 की उम्र पाने वालों में भी वोटिंग का क्रेज दिखा। हिम्मतासर निवासी स्वरूप कंवर और अनुराधा कंवर ने पहली बार मतदान किया। रायसर स्थित मतदान केंद्र पर मतदान के बाद दोनों ने अंगुली पर लगी स्याही दिखाई, सेल्फी ली।

