मोदी ने अजमेर से 16,680 करोड़ की 43 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
RNE Network.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से प्रदेश के लिए 16 हजार 680 करोड़ रुपये से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें पेयजल, सिंचाई, विद्युत, अक्षय ऊर्जा और सड़क परियाजनाओं सहित बांदीकुई से जयपुर तक 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे समेत कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा, जयपुर के सांगानेर में तथा जोधपुर शहर के लिए महत्वपूर्ण एलीवेटेड रोड का शिलान्यास और सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेजों और परवान अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के पांच पैकेजों की आधारशिला भी शामिल हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने अजमेर से ही 14 वर्ष तक की आयु की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस-एच.पी.वी. टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में पांच बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। बाद में मोदी ने बालिकाओं से संवाद भी किया। समारोह में प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 800 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किये।

मोदी ने मंच पर दो युवाओं को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। कायड़ विश्राम स्थली पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल और उपलब्धियों पर संतोष जताया। मोदी ने विश्वास दिलाया कि डबल इंजन की सरकार, विकास के नये पथ पर जनता की सेवा में और भी तेजी के साथ अपना कर्तव्य पूरा करेगी।


