Movie prime

प्रधानमंत्री मोदी आज राजस्थान दौरे पर, 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

 

RNE Network.
 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रदेश दौरे पर रहेंगे और राज्य को विभिन्न सौगात देंगे। वे जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे बालोतरा जाएंगे, जहां वे लगभग 1 लाख 06 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह -पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले इस ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह -पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की स्थापना 79 हजार 450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से की गई है। प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का शिलान्यास भी करेंगे, जिसकी कुल लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इस चरण के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि श्री मोदी राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती किए गए लगभग 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। 
 

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पचपदरा में एकीकृत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे देश के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को मजबूती मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मोदी ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला रखे जाने और जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी। हमारे जोधपुर संवाददाता ने बताया कि नये टर्मिनल को लेकर वहां लोगो में उत्साह है। इसके बनने से अधिक पर्यटक जोधपुर आएंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।  
इस बीच, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कल पचपदरा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शर्मा ने कहा कि रिफाइनरी का इंतजार लम्बे समय से था जो कि अब पूरा होने जा रहा है। 

 

मुख्यमंत्री ने कल पचपदरा स्थित मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शर्मा ने रिटेल आउटलेट पर फूड प्लाजा सुविधा का भी शुभारंभ किया।

FROM AROUND THE WEB