PM Modi की नई सौगात : 28,840 करोड़ से टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए खुलेगा हवाई विकास का नया रास्ता
RNE Jodhpur-New Delhi.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के जोधपुर से क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना 'विकसित उड़ान (Viksit UDAN)' की शुरुआत की। 28,840 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों तक हवाई सेवाओं का विस्तार करना, क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत बनाना और आम लोगों के लिए किफायती हवाई यात्रा को बढ़ावा देना है।
**क्या है 'विकसित उड़ान' योजना? :
'विकसित उड़ान' केंद्र सरकार की क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (UDAN) का नया चरण है। इसका मकसद उन शहरों और क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है, जहां अब तक विमान सेवाएं सीमित या उपलब्ध नहीं हैं। योजना के जरिए छोटे शहरों, पर्यटन स्थलों और दुर्गम इलाकों तक हवाई पहुंच आसान बनाई जाएगी।
योजना की प्रमुख बातें :
* 28,840 करोड़ रुपये का कुल वित्तीय प्रावधान।
* देशभर में 100 से अधिक नए एयरोड्रोम विकसित किए जाएंगे।
* 200 से ज्यादा हेलीपैड बनाए जाएंगे।
* टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ दूरदराज के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
* आम नागरिकों के लिए **सस्ती और सुलभ हवाई यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
* पर्यटन, व्यापार, निवेश और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।
* आपदा प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में भी हवाई नेटवर्क का बेहतर उपयोग संभव होगा।
जोधपुर को क्या मिलेगा फायदा?
प्रधानमंत्री ने जोधपुर हवाई अड्डे के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया। इससे मारवाड़ क्षेत्र की हवाई क्षमता बढ़ेगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और राजस्थान में पर्यटन, उद्योग तथा व्यापार को नई मजबूती मिलेगी। जोधपुर पश्चिमी राजस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण एविएशन हब के रूप में उभर सकता है।
सरकार की क्या है सोच?
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि 'विकसित उड़ान' भारत की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी का अगला अध्याय है। उनका कहना है कि इस योजना से लाखों लोगों के लिए हवाई यात्रा पहले से अधिक सुलभ होगी और विकसित भारत के लक्ष्य को गति मिलेगी। 'विकसित उड़ान' योजना के माध्यम से सरकार का लक्ष्य केवल नए हवाई अड्डे बनाना नहीं, बल्कि देश के छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को आर्थिक विकास, पर्यटन और निवेश के मुख्यधारा नेटवर्क से जोड़ना भी है।

