RudraNewsExpress_Logo

कलम की ताकत समाज को नई दिशा देने में सक्षम, पत्रकारिता में सत्यता और विश्वसनीयता जरूरी : वासुदेव देवनानी

 

RNE Bikaner

जयपुर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि उनका मीडिया से 55 सालों का संबंध है। उन्‍होंने कहा कि पत्रकारों को मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्‍पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए। पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति है। संसद और विधानसभाओं में लिए गए निर्णयों का दस्तावेजीकरण संवैधानिक इतिहास का निर्माण करता है, वहीं पत्रकारिता उन निर्णयों के पीछे के विचारों, परिस्थितियों और जनभावनाओं को समाज के सामने सुरक्षित रखती है। पत्रकारिता लोकतंत्र के वर्तमान का चित्रण करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए समय का प्रमाण भी प्रस्तुत करती है। श्री देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र में असह‍मति का भी सम्‍मान होता है। उन्‍होंने कहा कि संवैधानिक संस्‍थाओं के प्रति श्रद्धा बनी रहनी चाहिए।

स्‍पीकर श्री वासुदेव देवनानी सोमवार को विद्याधर नगर में राजस्थान पत्रकार परिषद के दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने दीप प्रज्‍ज्‍वलन कर समारोह को शुभारम्‍भ किया। श्री देवनानी ने वरिष्‍ठ पत्रकारों का साफा पहनाकर व स्‍मृति चिन्‍ह भेंट कर सम्‍मान किया। श्री देवनानी ने कहा कि कलम की ताकत का वास्तविक परिचय उसके प्रभाव से मिलता है। एक समाचार किसी उपेक्षित गांव की समस्या को शासन तक पहुंचा सकता है, किसी पीड़ित के मन में न्याय की उम्मीद जगा सकता है और किसी सकारात्मक प्रयास को देशव्यापी पहचान दिला सकता है। पत्रकारिता की सार्थकता जनहित के प्रश्नों को प्रभावी ढंग से सामने लाने और समाज को सही दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करने में निहित है।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन पत्रकारिता के योगदान के बिना अधूरा है। राजा राममोहन राय, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को राष्ट्रीय जागरण, जनचेतना और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाया। उनके विचार और लेखन आज भी पत्रकारिता की मूल प्रेरणा बने हुए हैं। श्री देवनानी ने कहा कि संसदीय पत्रकारिता लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नागरिकों के निकट लाती है। सदन में होने वाली बहस, विधेयकों की भावना, जनप्रतिनिधियों के विचार और जनहित में लिए गए निर्णय जब पत्रकारिता के माध्यम से जनता तक पहुंचते हैं, तब संसदीय विमर्श व्यापक सामाजिक संवाद का हिस्सा बनता है। संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, उनकी कार्यप्रणाली की समझ और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में पत्रकारिता की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता के स्वरूप और गति में व्यापक परिवर्तन किया है। आज समाचार कुछ ही क्षणों में वैश्विक संवाद का हिस्सा बन जाता है। ऐसे समय में सूचना की शीघ्रता के साथ उसकी सत्यता, विश्वसनीयता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करना और भी आवश्यक हो गया है।

श्री देवनानी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पत्रकार की मौलिक भूमिका और अधिक महत्त्वपूर्ण होगी। तकनीक सूचना का विश्लेषण कर सकती है, लेकिन मानवीय संवेदना, सामाजिक संदर्भ, नैतिक विवेक और सार्वजनिक जवाबदेही पत्रकारिता के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को समाज के सकारात्मक पक्षों को भी पर्याप्त स्थान देना चाहिए।

श्री देवनानी ने ग्रामीण पत्रकारिता को लोकतंत्र की जमीनी संवेदना बताते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों में कार्यरत पत्रकार स्थानीय समस्याओं, किसानों की अपेक्षाओं, विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन से जुड़े विषयों को सामने लाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को जनसामान्य से जोड़ते हैं। महिला पत्रकारों की सहभागिता और अधिक बढ़नी चाहिए। उनकी सक्रिय भागीदारी से पत्रकारिता में नए दृष्टिकोण, व्यापक संवेदनशीलता और सामाजिक प्रश्नों की बेहतर अभिव्यक्ति सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम को विधायक श्री कालीचरण सराफ, मेयर श्री सुनिल कोठारी, और परिषद के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष श्री बलविंदर सिंह जम्‍मू ने भी सम्‍बोधित किया। राजस्थान पत्रकार परिषद के अध्‍यक्ष श्री रोहित सोनी ने स्वागत किया। परिषद के कार्यकारी अध्‍यक्ष श्री गिरिराज अग्रवाल ने आभार व्‍यक्‍त किया। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री अनिल लोढ़ा, श्री गुलाब बत्रा, श्री महेश शर्मा, श्री महेश झालानी, श्री योगेश जैमन, श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री सुरेंद्र जैन पारस, श्री अजीत तिवारी, श्री पुरुषोत्तम सैनी, श्री जगदीश जैमन, श्री गिरिराज जैमन, श्री वीरेंद्र सिंह राठौड़ और श्री राजेन्‍द्र हंस का सम्मान किया गया।

FROM AROUND THE WEB