Railway in Rajasthan : फलोदी-जैसलमेर रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें अब 110 किमी प्रतिघंटा की गति से दौड़ेंगी
RNE Jodhpur.
उत्तर पश्चिम रेलवे ने सामरिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण फलोदी-जैसलमेर रेलखंड पर ट्रेनों की गति बढ़ाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत इस सिंगल लाइन सेक्शन पर अब मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की बजाय 110 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को अधिक तेज, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई गति सीमा फलोदी-जैसलमेर रेलखंड के किलोमीटर 134.29 से 290.46 तक कुल 156.17 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर लागू होगी। इसके लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त हो चुकी है और तकनीकी व संरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं पूरी होते ही नई व्यवस्था प्रभावी कर दी जाएगी।
रेलवे बोर्ड के मुताबिक गति बढ़ने से प्रत्येक ट्रेन के संचालन समय में लगभग नौ मिनट की बचत होगी। इस अतिरिक्त समय का उपयोग रेलवे ट्रैक के रखरखाव और संरक्षा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में किया जाएगा। इसके तहत प्रतिदिन लगभग ढाई से तीन घंटे तक कॉरिडोर ब्लॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पटरियों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव किया जा सके।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नई व्यवस्था लागू करने के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके अंतर्गत रेलवे ब्रिज, सिग्नलिंग सिस्टम, ओएचई तथा ट्रैक संरचना को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना अनिवार्य होगा।

