Rajasthan : 3 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा मुफ्त रूफटॉप सोलर, जानिए कहां, कौन ले सकेगा लाभ!
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान के 3 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को निशुल्क रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने की सुविधा मिलेगी। इस योजना का लाभ जयपुर, जोधपुर और अजमेर डिस्कॉम के पात्र उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
इन्हें मिलेगा लाभ :
दरअसल राजस्थान में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए भजनलाल सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना में रजिस्टर्ड ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जिनकी मासिक बिजली खपत 150 यूनिट से कम है, उनके घरों पर निशुल्क रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के अनुसार, जयपुर, जोधपुर और अजमेर डिस्कॉम के करीब 3 लाख पात्र उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
ऊर्जा मंत्री नागर ने कही ये बात :
राजस्थान के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर अब सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना में रजिस्टर्ड ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जिनकी मासिक बिजली खपत 150 यूनिट से कम है, उन्हें 1.1 किलोवाट क्षमता वाले रूफटॉप सोलर संयंत्र निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस पहल के तहत जयपुर, जोधपुर और अजमेर डिस्कॉम के कुल 3 लाख पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाएगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को प्रोत्साहित करना है। रूफटॉप सोलर संयंत्रों के जरिए घरों में सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ती है।
राजस्थान राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित :
नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से विकसित नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मूल्यांकन तंत्र के तहत यह पुरस्कार प्रदान किया गया। नई दिल्ली में भारत अक्षय ऊर्जा समिट और एक्सपो-2026 के समापन सत्र में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने राजस्थान को यह सम्मान दिया। ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर और राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के अध्यक्ष रोहित गुप्ता ने पुरस्कार प्राप्त किया।

