Rajasthan Assembly : जेठानंद व्यास ने बजट घोषणाओं को सराहा, नाम लिए बिना कल्ला पर हमला बोला
RNE Bikaner-Jaipur.
"पहले अपनी पारी देख
फिर लोगों की बारी देख
बहा पसीना थोड़ा पहले
फिर फूलों की क्यारी देख
बजट समझ में नहीं आए तो
नजरें करके न्यारी देख।"
अपने अक्खड़ अंदाज के लिए पहचान रखने वाले बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास का राजस्थान विधानसभा में गुरुवार को बदला हुआ रूप नजर आया। वर्ष 2026-27 के बजट पर बोलते हुए विधायक व्यास ने जब काव्यपंक्तियों से अपनी बात शुरू की तो कई विधायकों ने मेजें थपथपाई। हालांकि उन्होंने एक बार फिर अपने भाषण में जहां भजनलाल सरकार की ओर से बीकानेर में करवाए गए काम गिनवाए वहंी पूर्व मंत्री कल्ला का नाम लिए बिना उन पर जमकर हमला बोला।
कल्ला का नाम लिए बिना यूं बोला हमला:
जेठानंद ने बजट पर विपक्षी विधायकों की ओर से की जा रही आलोचना का जिक्र करते हुए कहा, पहले मैं समझता था कि मेरे सामने चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस के नेता ही झूठ बोलते हैं लेकिन यहां उनकी पार्टी के सभी लोगों को देखकर कह सकता हूं कि उनकी पार्टी में यह आम बात है।
नशे के कारोबारियों को प्रश्रय देने का आरोप:
विधायक व्यास ने आरोप लगाया कि बीकानेर के मेरे से पहले वाले प्रतिनिधि ओर उनसे जुड़े लोगों ने नशे के कारोबारियों को प्रश्रय दिया। अब लगातार नशे के कारोबारी पकड़े जा रहे हैं। इसी बढ़ते अपराध के लिए एनडीपीएस कोर्ट की जरूरत थी जिसके लिए सरकार ने घोषणा की है।
जिला हॉस्पिटल के ये थे हाल:
जिला हॉस्पिटल में हुए विकास को गिनाते हुए व्यास ने कहा, हालांकि यहां 2007 में जिला हॉस्पिटल घोषित हो चुका था लेकिन मैं एमएलए बना उससे पहले वहां मल्हम-पट्टी तक नहीं थी। अब सर्जरी होने लगी है। सभी जांचें हो रही है। शिशु वार्ड आईसीयू इसी बजट मंे घोषित हुए हैं। इससे यह हॉस्पिटल जिला हॉस्पिटल के वास्तविक स्वरूप में आ रहा है। व्यास ने कहा कि लगभग सभी दो वार्डों के बीच एक जनता क्लीनिक बन गया है। ऐसे में लोगों प्राथमिक उपचार के लिए किसी भी बड़े हॉस्पिटल की ओर नहीं जाना पड़ता है।
लोगों ने कहा वोट नहीं देंगे तो वे सड़केे टूटी छोड़ गए:
बीकानेर में सड़कों के निर्माण और हालात का जिक्र करते हुए भी व्यास ने पूर्व मंत्री को आड़े हाथों लिया। कहा, पिछली सरकार मंे बीकानेर के जनप्रतिनिधि ने सड़कों का निर्माण नहीं करवाया। चुनाव से ठीक पहले जब सड़कें बनवाने गए तो लोगों ने कहा, अब बनाओगे तब भी वोट नहीं देंगे। ऐसे में उन्होंने सड़कों का काम बीच में ही रुकवा दिया।
व्यास ने दावा किया कि भजनलाल सरकार बनने के बाद बीकानेर शहर में सड़कों पर 25 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इनका काम अभी भी चल रहा है। इसके आवा भी अभी और आवश्यकता है क्योंकि पिछले सालों में वहां सड़कें नहीं बनी।
नगरसेठ के रास्ते में पुलिये का सुधार:
विधायक व्यास ने लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास बने सबसे प्राचीन पुलिया की जर्जर हालत का जिक्र करते हुए कहा, सालों से इसे दुरुस्त करने की मांग उठ रही थी लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। इस बजट में हमारी सरकार ने इस पुलिया को दुरुस्त करने के लिए 2.5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
पानी की झील के काम का श्रेय लिया:
बीकानेर में जलापूर्ति के लिए शोभासर में बन रही नई झील का जिक्र करते हुए जेठानंद ने कहा कि यह मंजूर थी लेकिन पिछली सरकार में काम ही शुरू नहीं हो पाया। विधायक बनने के बाद मैंने इस मसले की जानकारी ली। मुख्यमंत्री भजनलालजी को बताया और अब काम शुरू हो गया है। जल्द ही बीकानेर में पेयजल सुचारु रखने में बड़ा सहयोग मिलेगा। अपने भाषण में जेठानंद ने बीकानेर में हुए कई काम गिनवाएं। कहा, पिछले बजट में 132 केवी जीएसएस दिया। इस बार फिर 132 केवी जीएसएस की घोषणा हुई है। मेरे क्षेत्र में 11 नई टंकियां बनी। टेल पर पानी पहंचने लगा। कोटगेट रेलवे फाटक सालों से समस्या थी। हमारी सरकार आते ही अब काम शुरू होने जा रहा है।


