Movie prime

Rajasthan Crime : पेट्रोल भरने के बाद सेल्समेन ने 898 रुपए मांगे, युवक ने गोली मार दी, एक घंटे में आरोपी को दबोचा

 

RNE Alwar-Jaipur. 

अलवर जिले में  सदर थाने के बुर्जा बाइपास पर नायरा पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह 11:35 बजे के करीब बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद युवक ने सेल्समैन को गोली मार दी। सेल्समैन ने पेट्रोल भरने के बाद 898 रुपए मांगे थे। इस पर नकाबपोश युवक ने जेब से कट्टा निकाला और गोली मारकर भाग गया। सेल्समैन को तत्काल अलवर जिला हॉस्पिटल ले जाया गया जहां से उसे जयपुर रेफर किया है। पुलिस ने नाकाबंदी कर केवल एक घंटे में आरोपी युवक को दबोच लिया।

घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि गोली लगने से पेट्रोल पंप पर कार्यरत सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल सचिन को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसके प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफ़र कर दिया। 

पुलिस के अनुसार घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी कठूमर थाना इलाके का रहने वाला है उसको हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश ने बताया कि आरोपी को तुरंत नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

FROM AROUND THE WEB