राजस्थान चुनावी हिंसा : खेतड़ी में पूर्व सरपंच की मौत, बांसवाड़ा में हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूंकी
Rudra News Express Rajasthan.
पंचायतीराज चुनावों के चौथे चरण के तहत मंगलवार को उपसरपंच पदों के लिए चुनाव हुए। कई स्थानों पर उपसरपंच निर्विरोध भी निर्वाचित हुए हैं। इसी के साथ वार्ड पंच, सरपंच और उप सरपंच चुनने की प्रक्रिया सम्पन्न हो गई है। हालांकि सरपंच और पंच के लिये हुए मतदान के वोटों की गिनती के दौरान कई स्थानों पर हिंसा की घटनाएं हुई। झुंझुनूं में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बांसवाड़ा में जोनल मजिस्ट्रेट की गाडी फूँक दी। कर्मचारियों को घायल किया।
पूर्व सरपंच की मौत, पुत्रवधू चुनाव जीत सरपंच बनी :
नीमकाथाना के खेतड़ी उपखंड की विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के दौरान हुई मारपीट की घटना में घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना से आक्रोशित हजारों ग्रामीण आज खेतड़ी-जयपुर सड़क मार्ग पर उतर आए। ग्रामीणों ने करमाड़ी के पास सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया और घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान के दौरान मतदान केंद्र के बाहर पर्ची बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर मारपीट हो गई थी। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नीमकाथाना की मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की पुत्रवधू सुमन सरपंच पद की प्रत्याशी थी जो चुनाव जीत गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। आज बड़ी संख्या में ग्रामीण करमाड़ी के पास सड़क पर एकत्रित हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर सहित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की निगरानी बनी हुई है। हजारों ग्रामीणों ने करमाड़ी के पास खेतड़ी-जयपुर सड़क मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

बांसवाड़ा में उत्पात, गाड़ी फूंकी :
बांसवाड़ा के बावड़ी निनामा में सरपंच चुनाव के नतीजों के बाद हिंसा और आगजनी हो गई। 32 वोट से हारे प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी फूँक दी। पोलिंग पार्टी पर पथराव किया जिससे कई कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया।
दरअसल यहां मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही ललित कुमार की हार की घोषणा हुई, उनके समर्थक आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मतदान केंद्र पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भीड़ ने पथराव और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां खड़ी जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी में आग लगा दी गई। आग से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुशलगढ़ के एसडीएम मुकेश मीणा और भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़कर हालात संभाले। इसके बाद इलाके में दबिश देकर घटना में शामिल होने के संदेह में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।
एसडीएम मुकेश मीणा के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसके साथ ही खैरथल-तिजारा के जिले मुंडावर के काली पहाड़ी ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र पर विवाद हुआ जिसमें चार ग्रामीण घायल हो गए।

