RudraNewsExpress_Logo

Rajasthan : राजस्थान में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 399 प्रतिष्ठानों की जांच, 802 सैंपल लिए; 5,333 किलो खाद्य सामग्री पकड़ी
 

 

Rudra News Express Jaipur. 

जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर राजस्थान में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत 1 से 5 सितम्बर तक चले पांच दिवसीय अभियान में प्रदेशभर में 399 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और 802 खाद्य नमूने लिए गए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाए गए अभियान में दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची गई।

802 नमूने लिए, 390 प्रवर्तन और 412 सर्विलांस नमूने : 

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अभियान के दौरान कुल 802 नमूने लिए। इनमें 390 प्रवर्तन नमूने और 412 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। मावा, मिठाई, घी-तेल, दूध और मसालों के नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं को भेजे गए हैं।

3,463.50 किलो/लीटर सामग्री मौके पर नष्ट : 


* 1,215 किलो मिठाई
* 1,151 किलो अन्य खाद्य सामग्री
* 875 किलो मावा व पनीर
* 104.50 किलो घी
* 73 किलो मसाले
* 45 किलो/लीटर अमानक दूध

1,870 किलो/लीटर संदिग्ध सामग्री जब्त : 

भारी मिलावट की आशंका वाली 1,870 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री को जब्त कर सील किया गया। इसमें 1,449 किलो संदिग्ध घी और 421 किलो अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। इस तरह पांच दिन के अभियान में कुल 5,333.50 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई : 

विभाग के अनुसार जब्त खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा है कि त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

FROM AROUND THE WEB