Rajasthan Market: राजस्थान में 24x7 खुलेंगे बाजार, 123 शहरों में नई व्यवस्था लागू
बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर सहित 123 शहराें में लागू होगी नई व्यवस्था
RNE Jaipur.
राजस्थान सरकार ने व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के 123 शहरों में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की अनुमति दे दी है। इसके लिए राजस्थान दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान अधिनियम में संशोधन कर अधिसूचना जारी की गई है।
नई व्यवस्था के तहत बाजारों, मॉल, रेस्टोरेंट, सेवा प्रतिष्ठानों और अन्य व्यावसायिक इकाइयों को अपनी जरूरत के अनुसार चौबीसों घंटे संचालन की छूट मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, नाइट टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कर्मचारियों के लिए क्या:
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था कर्मचारी हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। किसी भी कर्मचारी से एक दिन में अधिकतम 10 घंटे और सप्ताह में 48 घंटे से अधिक कार्य नहीं कराया जा सकेगा। अतिरिक्त समय तक काम लेने पर नियोक्ता को नियमानुसार ओवरटाइम भुगतान करना होगा।
इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को सप्ताह में एक दिन का सवैतनिक अवकाश देना तथा नियुक्ति पत्र जारी करना अनिवार्य रहेगा।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगा लाभ :
विशेषज्ञों का मानना है कि 24x7 बाजार व्यवस्था से जयपुर, जोधपुर सहित प्रमुख शहरों में रात्रिकालीन आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। होटल, रेस्टोरेंट, रिटेल, परिवहन और सेवा क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है। साथ ही शिफ्ट आधारित रोजगार में भी वृद्धि हो सकती है।

