Rajasthan : मेयर चुनाव स्थगित, 10 बूथों पर दुबारा वोटिंग, जानिए, क्यों टले चुनाव, अब कब होंगे!
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के बाद मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए हैं। इन निकायों के कुछ मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान EVM में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम घोषित नहीं हो सके थे।
10 बूथों पर आज पुनर्मतदान :
आयोग ने इन चारों निकायों के कुल 10 मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराने का कार्यक्रम तय किया है। पुनर्मतदान की मतगणना 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से होगी। पुनर्मतदान में केवल वही मतदाता वोट डाल सकेंगे जो संबंधित मतदान केंद्र के अधिकृत मतदाता हैं।
क्यों टला मेयर का चुनाव?
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, जब तक सभी वार्डों के परिणाम पूरी तरह घोषित नहीं हो जाते, तब तक मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव कराना संभव नहीं है। इन चार निकायों में कुछ वार्डों के परिणाम EVM की तकनीकी खराबी के कारण अटक गए हैं।
21 सितंबर का कार्यक्रम बदला :
इन चार निकायों में पहले 21 और 22 सितंबर को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव प्रस्तावित थे। अब इनकी नई तारीख पुनर्मतदान और 17 सितंबर की मतगणना के बाद घोषित की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, शेष 305 नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 और 22 सितंबर को होंगे।
कहां-कहां टला चुनाव :
• जयपुर नगर निगम — मेयर और डिप्टी मेयर
• जोधपुर नगर निगम — मेयर और डिप्टी मेयर
• कोटा नगर निगम — मेयर और डिप्टी मेयर
• सुकेत नगरपालिका — अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
इस फैसले के साथ इन चार निकायों में मेयर की कुर्सी के लिए चल रही राजनीतिक गतिविधियों को भी कुछ और दिन का इंतजार करना पड़ेगा। नए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 17 सितंबर को पुनर्मतदान की मतगणना के बाद होने की संभावना है।

