RudraNewsExpress_Logo

Rajasthan Police : राजस्थान की 25 महिला पुलिसकर्मी बनेंगी NSG कमांडो, मानेसर में शुरू हुआ 12 सप्ताह का सख्त प्रशिक्षण
 

 

Rudra News Express Jaipur. 

राजस्थान पुलिस की 25 महिला पुलिसकर्मियों का चयन राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के विशेष कमांडो प्रशिक्षण के लिए हुआ है। RAC और MBC कैडर की ये महिला पुलिसकर्मी अब मानेसर स्थित NSG प्रशिक्षण केंद्र में 12 सप्ताह का गहन और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण लेंगी। प्रशिक्षण 24 अगस्त से 13 नवंबर 2026 तक चलेगा।

Rajasthan Police  की महिला शक्ति अब कमांडो ट्रेनिंग के जरिए सुरक्षा के मोर्चे पर अपनी नई पहचान बनाने जा रही है। प्रदेश के RAC एवं MBC कैडर से चयनित 25 महिला पुलिस कार्मिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के मानेसर प्रशिक्षण केंद्र में विशेष कमांडो प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।

p

प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले पांचवीं बटालियन RAC, घाटगेट जयपुर में विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, आर्म्स बटालियन्स राजस्थान रूपेन्द्र सिंघ ने चयनित महिला कार्मिकों को प्रशिक्षण की गंभीरता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

12 सप्ताह की ट्रेनिंग, अनुशासन और जीरो एरर पर जोर : 

एडीजी रूपेन्द्र सिंघ ने कहा कि NSG से मिलने वाला कमांडो प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को कड़े अनुशासन, अत्याधुनिक हथियार तकनीक और 'जीरो एरर' की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्होंने कहा कि कमांडो प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को ऐसी विशेष दक्षता प्रदान करना है, जिससे वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी क्षमता, साहस और आत्मविश्वास के साथ काम कर सकें। 12 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद ये कार्मिक आतंकवाद निरोधक अभियानों, अत्यधिक चुनौतीपूर्ण सुरक्षा परिस्थितियों और विशेष ऑपरेशनल ड्यूटी में हासिल कौशल का उपयोग कर सकेंगी।

'सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा' का दिया मंत्र : 

ब्रीफिंग के दौरान एडीजी ने महिला कार्मिकों को “सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा” के मूल मंत्र के साथ प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल उनकी पेशेवर क्षमता को मजबूत करेगा, बल्कि कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने और प्रभावी कार्रवाई करने का आत्मविश्वास भी बढ़ाएगा।

ब्रीफिंग के बाद एडीजी रूपेन्द्र सिंह ने सभी 25 महिला पुलिसकर्मियों को राजकीय वाहन से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केंद्र, मानेसर (हरियाणा) के लिए रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक RAC विनित बंसल सहित चतुर्थ एवं पांचवीं बटालियन RAC के कमांडेंट मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB