Movie prime

Rajasthan Police: DGP का एक्शन मोड, हार्डकोर अपराधियों पर निर्णायक कार्रवाई करो, अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसो

 

RNE Jaipur.

राजस्थान में कानून-व्यवस्था को लेकर अब सख्त तेवर साफ नजर आने लगे हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने रेंज स्तरीय अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि हार्डकोर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए।

बैठक में साफ कहा गया कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर कड़ा एक्शन लिया जाए और अपराधियों के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाए। DGP ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल योजना न बनाएं, बल्कि परिणाम जमीन पर दिखाई दें।

साइबर अपराधों पर भी विशेष फोकस रखते हुए 1930 हेल्पलाइन की लगातार मॉनिटरिंग और त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने को कहा गया। आमजन को तकनीक से जोड़ने के लिए ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए।

पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के लिए थानों की कार्यप्रणाली सुधारने, झूठे मुकदमों पर कानूनी कार्रवाई करने और बीट प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। महिला सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश देते हुए इसे प्राथमिकता में रखने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर DGP ने सख्त रुख अपनाते हुए लेन ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

यह होगा एक्शन: 

▪️ हार्डकोर अपराधियों पर सख्त एक्शन
▪️ अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई
▪️ 1930 हेल्पलाइन की सख्त मॉनिटरिंग
▪️ थानों में पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश
▪️ RajCop App से जनता को राहत
▪️ महिला सुरक्षा और बीट सिस्टम मजबूत
▪️ ट्रैफिक नियमों पर सख्ती

FROM AROUND THE WEB